शाही में नाले के विवाद पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप, दो घायल

बरेली के शाही थाना क्षेत्र में सरकारी नाले के पानी को लेकर हुए विवाद में घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है, मामले की जांच जारी है।

शाही में नाले के विवाद पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप, दो घायल
HIGHLIGHTS:

सरकारी नाले के पानी को लेकर विवाद के बाद मारपीट का आरोप।

पीड़ित का दावा, डायल 112 बुलाने के बाद आरोपी घर में घुस आए।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू की।

जन माध्यम
शाही।
थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में सरकारी नाले के पानी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि डायल 112 पर शिकायत करने से नाराज होकर आरोपियों ने रविवार सुबह उनके घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके भाई को भी चोटें आई हैं। मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।

पीड़ित परमान दास पुत्र किशन लाल का आरोप है कि गांव से गुजरने वाले सरकारी नाले को आरोपी प्यारे लाल पुत्र चोखे लाल द्वारा रोक दिया जाता है, जिससे वह अपने खेत की सिंचाई करता है। इसके कारण पानी की निकासी बाधित हो जाती है और उनके घर के सामने जलभराव तथा कीचड़ की समस्या बनी रहती है।

परमान दास के अनुसार कई बार समझाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। शनिवार शाम उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर नाला बंद न करने की हिदायत दी और लौट गई।

पीड़ित का आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद रविवार सुबह प्यारे लाल और उसका बेटा प्रमोद लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके कान में गंभीर चोट आई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई हरपाल के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए।

थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर प्राप्त हो गई है और जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।