शाही में किसान यूनियन का धरना, युवक हत्याकांड के खुलासे की मांग

शाही थाने पर भारतीय किसान यूनियन का धरना, युवक धनपाल हत्याकांड के खुलासे की मांग, पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा।

शाही में किसान यूनियन का धरना, युवक हत्याकांड के खुलासे की मांग
HIGHLIGHTS:

➡️ शाही थाने पर किसान यूनियन का जोरदार धरना-प्रदर्शन
➡️ युवक धनपाल सिंह हत्याकांड के खुलासे की मांग
➡️ सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सौंपा पांच सूत्री ज्ञापन
➡️ एक माह में खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी
➡️ चकमार्ग, तालाब और झूठे मुकदमे के मामलों पर भी मांग

दीनानाथ कशय्प/ जन माध्यम

शाही (बरेली)। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने एक युवक की हत्या के खुलासे की मांग को लेकर शाही थाने में धरना-प्रदर्शन किया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ और किसान यूनियन की ओर से पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा गया।

धरना-प्रदर्शन भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सोमवीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता दोपहर के समय शाही थाने पहुंचे। किसान यूनियन का कहना है कि करीब एक माह पहले थाना फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के गांव करतोली निवासी धनपाल सिंह पुत्र श्रीराम की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी। इस मामले की विवेचना वर्तमान में शाही थाने द्वारा की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस खुलासा नहीं हो सका है।

किसान यूनियन ने मांग की कि धनपाल हत्याकांड का शीघ्र खुलासा कर उसमें शामिल अपराधियों को जेल भेजा जाए। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर मामले का खुलासा नहीं हुआ तो वे दोबारा बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। धरने में मृतक धनपाल के भाई सुरेश पाल सिंह भी शामिल रहे, जिन्होंने किसान यूनियन के साथ ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।

इसके अलावा किसान यूनियन ने बगरऊ गांव में एक चकमार्ग पर लगे यूके लिपसेट के दोनों ओर मौजूद पेड़ों और सीमेंट के पोल हटाने की मांग की। यूनियन का कहना है कि इस संबंध में दो बार लेखपाल द्वारा पैमाइश हो चुकी है, बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं हुआ। साथ ही एक तालाब की पैमाइश, बसई गांव की वर्षों पुरानी बाजार की जमीन का मामला तथा एक कार्यकर्ता को झूठे मुकदमे में फंसाए जाने की शिकायतों के समाधान की भी मांग की गई।

थानाध्यक्ष राजेश कुमार बैंसला ने बताया कि किसान यूनियन के कार्यकर्ता थाने आए थे और फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के युवक की हत्या को लेकर ज्ञापन दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही खुलासा कर दोषियों को जेल भेजा जाएगा।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष सोमवीर सिंह, फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक अध्यक्ष झडू सिंह गंगवार, मदनलाल गंगवार, पूरन लाल, जमना प्रसाद, हरपाल सिंह, महावीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष चौधरी हरवीर सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।