आम के बाग में युवक का शव फंदे से लटका मिला
शाही थाना क्षेत्र के धल्लिया की गौटिया गांव में आम के बाग में युवक का शव फंदे से लटका मिला। गृहक्लेश में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
➡️ आम के बाग में फंदे से लटका मिला युवक का शव
➡️ धल्लिया की गौटिया गांव का मामला
➡️ शाही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच
➡️ गृहक्लेश में आत्महत्या की जताई जा रही आशंका
दीनानाथ कश्यप/ जनमाध्यम
शाही (बरेली)। थाना शाही क्षेत्र के धल्लिया की गौटिया गांव के जंगल में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव से करीब 500 मीटर दूर एक आम के बाग में आम के पेड़ से युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर शाही पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य संकलन किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान धल्लिया की गौटिया गांव निवासी लाखन पुत्र हिम्मत (उम्र लगभग 25 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक के बड़े भाई रामस्वरूप ने बताया कि लाखन शुक्रवार रात करीब 9 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह आम के बाग में शव लटके होने की सूचना मिली।
परिजनों के अनुसार, शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था, लेकिन उसके पैर जमीन पर टिके हुए थे और घुटनों से मुड़े हुए थे। बेटे का शव देख पिता मौके पर ही बेहोश हो गए। लाखन की शादी करीब छह साल पहले हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र चार और पांच वर्ष बताई जा रही है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिजनों ने बताया कि लाखन घर से निकलते समय किसी के फोन पर बात कर रहा था। उसकी किसी से दुश्मनी की जानकारी नहीं है।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार बैंसला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गृहक्लेश के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।