कानून-व्यवस्था पर सख़्त नज़र, लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस

थाना शाही का अर्धवार्षिक निरीक्षण करते हुए एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने महिला सुरक्षा एवं वात्सल्य केंद्र का उद्घाटन किया। अपराध, विवेचना रजिस्टर की जांच और एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय रखने के सख्त निर्देश दिए गए।

कानून-व्यवस्था पर सख़्त नज़र, लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस
कानून-व्यवस्था पर सख़्त नज़र, लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस
HIGHLIGHTS:

➡️ थाना शाही का अर्धवार्षिक निरीक्षण एसपी अंशिका वर्मा ने किया
➡️ महिला सुरक्षा एवं वात्सल्य केंद्र का उद्घाटन
➡️ अपराध व विवेचना रजिस्टरों की गहन जांच
➡️ महिला–बाल मामलों में संवेदनशीलता के निर्देश
➡️ एंटी रोमियो स्क्वाड व गश्त बढ़ाने पर जोर
➡️ लापरवाह कर्मियों पर सख़्त कार्रवाई की चेतावनी
➡️ चौकीदारों को गर्म कंबल वितरित

जन माध्यम।

दीनानाथ कश्यप। शाही (बरेली)।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा ने थाना शाही का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में नवनिर्मित महिला सुरक्षा एवं वात्सल्य केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना अभिलेखों और कार्यप्रणाली की बारीकी से समीक्षा की।

एसपी दक्षिणी ने अपराध रजिस्टर, विवेचना, जनसुनवाई रजिस्टर, महिला एवं बाल अपराध से संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की। इसके साथ ही मालखाना, सशस्त्र गृह, सीसीटीएनएस कार्य, बीट व्यवस्था, चौकी प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरे, हेल्प डेस्क सहित थाने की संपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। थाना परिसर, कार्यालय, बैरक, मैस एवं साफ-सफाई व्यवस्था भी निरीक्षण में संतोषजनक पाई गई।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने लंबित विवेचनाओं एवं प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के सख़्त निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से महिला एवं बाल अपराधों में पीड़ितों के प्रति संवेदनशील, शालीन और मित्रवत व्यवहार रखने तथा ऐसे मामलों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, प्रार्थना पत्रों की गहन जांच के उपरांत ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने, एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय रखने तथा चौराहों पर चेकिंग अभियान बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। अपराधियों पर पैनी नजर रखने और गश्त बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।

इसके पश्चात एसपी द्वारा थाने में तैनात चौकीदारों को गर्म कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर चौकीदारों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।

निरीक्षण के उपरांत एसपी दक्षिणी ने थाना स्टाफ के साथ बैठक कर हिस्ट्रीशीटरों एवं सक्रिय अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने और सभी अभियानों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता के प्रति पुलिस का व्यवहार सौहार्दपूर्ण होना चाहिए, जबकि लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर सीओ मीरगंज, थानाध्यक्ष राजेश कुमार बैंसला सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण एवं थाना स्टाफ मौजूद रहा।