ई-रिक्शा पलटा, महिला गंभीर

शाही–शेरगढ़ रोड पर ई-रिक्शा पलटने से महिला गंभीर घायल, प्राथमिक उपचार के बाद बरेली रेफर।

ई-रिक्शा पलटा, महिला गंभीर
HIGHLIGHTS:

➡️ शाही–शेरगढ़ रोड पर ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलटा
➡️ हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल
➡️ हालत बिगड़ने पर बरेली किया गया रेफर
➡️ चालक पर लापरवाही का आरोप
➡️ पुलिस के अनुसार सांड से टकराने से हुआ हादसा

दीनानाथ कश्यप/ जन माध्यम

शाही (बरेली)। देर शाम एक ई-रिक्शा पलटने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा शाही–शेरगढ़ रोड पर हमसफर मैरिज हाल के आसपास हुआ। घायल महिला को पहले शाही के एक निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर परिजनों ने उसे बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार दौली जवाहर लाल की गौटिया निवासी रामकुमारी पत्नी स्वर्गीय डालचंद देर शाम अपने मायके रहपुरा जागीर से अपने गांव लौट रही थीं। वह शाही बस स्टैंड से सबदर अली निवासी शाही के ई-रिक्शा में सवार होकर जा रही थीं। इसी दौरान हमसफर मैरिज हाल के पास ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया।

दुर्घटना में रामकुमारी को गंभीर चोटें आईं, जबकि ई-रिक्शा में सवार परिवार के अन्य सदस्यों को हल्की चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

परिजनों का आरोप है कि ई-रिक्शा चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था और उसी की गलती से ई-रिक्शा पलटा। उनका कहना है कि चालक जानवर से टकराने का बहाना बना रहा है। वहीं, थानाध्यक्ष राजेश कुमार बैंसला ने बताया कि ई-रिक्शा एक सांड से टकरा गया था और इसे हादसा नहीं माना जा रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।