एसआईआर को लेकर मीरगंज तहसील में सर्वदलीय बैठक
एसआईआर अभियान के तहत मीरगंज तहसील में सर्वदलीय बैठक हुई। फॉर्म-6, 7 और 8 की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की गई।
➡️ एसआईआर को लेकर मीरगंज तहसील में सर्वदलीय बैठक
➡️ फॉर्म-6, 7 और 8 की प्रक्रिया पर चर्चा
➡️ एसडीएम आलोक कुमार ने दलों से सहयोग की अपील
➡️ 6 से 19 जनवरी तक के फॉर्म की जानकारी साझा
करण पाल सिंह / जन माध्यम
मीरगंज (बरेली)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया को सुचारु बनाने के उद्देश्य से बुधवार को मीरगंज तहसील में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। यह बैठक 21 जनवरी 2026 को सुबह 11 बजे तहसील परिसर स्थित उपजिला अधिकारी कार्यालय में संपन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम आलोक कुमार ने बताया कि वर्तमान एसआईआर अभियान के अंतर्गत फॉर्म-6, 7 और 8 संबंधित बीएलओ द्वारा प्राप्त किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में बीएलओ के माध्यम से अधिक से अधिक योग्य नागरिकों के फॉर्म-6 भरवाने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।
एसडीएम ने जानकारी दी कि 6 जनवरी से 19 जनवरी 2026 तक प्राप्त फॉर्म-6, 7 और 8 की जानकारी सभी विधानसभा प्रभारियों को प्रारूप-9, 10 और 11 के माध्यम से उपलब्ध करा दी गई है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और समय पर निस्तारण किया जा सके।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें भाजपा से यशपाल सिंह, सपा से सुरेश गंगवार और मनोहर सिंह पटेल, बसपा से कैलाश चंद्र शर्मा, कांग्रेस से लादेन मंसूरी तथा रालोद से वाहिद मंसूरी शामिल रहे।
बैठक के अंत में सभी दलों के प्रतिनिधियों ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने में प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिलाया।