आईजी की निगरानी में 40 करोड़ की स्मैक नष्ट

आईजी की निगरानी में 40 करोड़ की स्मैक नष्ट
HIGHLIGHTS:

1. नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी: डॉ. राकेश सिंह 

बरेली। जिले को नशा मुक्त बनाने की दिशा में पुलिस ने एक और बड़ा कदम उठाया है। थाना फतेहगंज पूर्वी में पकड़ी गई 20 किलोग्राम हेरोइन/स्मैक, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 करोड़ रुपये आंकी गई है। उसे मंगलवार को आईजी डॉ. राकेश सिंह की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने विधिवत नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई थाना फतेहगंज पूर्वी पर वर्ष 2021 में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे संख्या 253/21 के तहत की गई। हेरोइन की यह भारी खेप अदालत से अनुमति प्राप्त करने के बाद नियमानुसार नष्ट की गई। ड्रग डिस्पोजल की यह कार्रवाई प्रशासन की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को मजबूती देने के उद्देश्य से की गई।

आईजी ने कहा कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए बरेली जोन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। आगे भी इसी सख्ती के साथ नशे के खिलाफ मुहिम जारी रहेगी।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तर मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी ट्रैफिक मुहम्मद अकमल खान, एनसीबी लखनऊ की टीम और संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।