बेटे ने लिवर दान कर पिता को दिया नया जीवन
बरेली निवासी पुलिस उपनिरीक्षक डॉ. भारत सिंह को उनके बेटे अभिषेक सिंह ने लिवर दान कर नया जीवन दिया। वैशाली के मैक्स अस्पताल में सफल लिवर ट्रांसप्लांट किया गया।
26 वर्षीय अभिषेक सिंह ने अपने पिता को लिवर का हिस्सा दान किया।
मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, वैशाली में सफल लिविंग डोनर लिवर ट्रांसप्लांट किया गया।
एक दशक से गंभीर लिवर रोग से जूझ रहे डॉ. भारत सिंह को मिला नया जीवन।
जन माध्यम
बरेली।पारिवारिक समर्पण और त्याग की प्रेरणादायक मिसाल पेश करते हुए बरेली निवासी उत्तर प्रदेश पुलिस के उपनिरीक्षक डॉ. (पीएचडी) भारत सिंह को उनके बेटे अभिषेक सिंह ने लिवर का हिस्सा दान कर नया जीवन दिया है। वैशाली स्थित मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में सफल लिविंग डोनर लिवर ट्रांसप्लांट के बाद दोनों स्वस्थ हैं।
डॉ. भारत सिंह पिछले लगभग एक दशक से गंभीर लिवर रोग से जूझ रहे थे। वर्ष 2012 में उन्हें नॉन-अल्कोहोलिक फैटी लिवर डिजीज का पता चला था, जो समय के साथ लिवर फेल्योर में बदल गई। स्वास्थ्य लगातार बिगड़ने पर वर्ष 2024 में चिकित्सकों ने उन्हें लिवर प्रत्यारोपण की सलाह दी।
पिता की गंभीर स्थिति जानने के बाद 26 वर्षीय अभिषेक सिंह ने बिना किसी संकोच के लिवर दान करने का निर्णय लिया। सभी चिकित्सीय जांचों में उपयुक्त पाए जाने के बाद प्रत्यारोपण की प्रक्रिया शुरू की गई।
प्रो. (डॉ.) सुभाष गुप्ता और डॉ. राजेश डे के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सफल सर्जरी करते हुए अभिषेक सिंह के लिवर का 902 ग्राम वजनी दायां भाग डॉ. भारत सिंह के शरीर में प्रत्यारोपित किया। ऑपरेशन के बाद उनकी सेहत में तेजी से सुधार हुआ और 21 दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं अभिषेक सिंह भी 10 दिन में स्वस्थ होकर घर लौट आए।
अभिषेक सिंह ने इसे अपने पिता के प्रति कर्तव्य बताया, जबकि डॉ. भारत सिंह ने कहा कि उन्हें केवल नया लिवर ही नहीं, बल्कि नया जीवन मिला है। यह सफल प्रत्यारोपण आधुनिक चिकित्सा विज्ञान की प्रगति और पारिवारिक समर्पण की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आया है।