फ्यूचर यूनिवर्सिटी में सुनंदा शर्मा के शो में बवाल, बेकाबू भीड़ से मची अफरा-तफरी
बरेली के फरीदपुर में फ्यूचर यूनिवर्सिटी के नवरंग 2026 फेस्ट में सिंगर सुनंदा शर्मा के शो के दौरान भारी अव्यवस्था और भगदड़ जैसे हालात बन गए।
सिंगर के मंच पर आते ही बेकाबू हुई भीड़
लोहे के बैरिकेड्स टूटने से मची अफरा तफरी
पुलिस को करना पड़ा हल्का बल प्रयोग
बड़ा हादसा टला, कई दर्शक लौटे निराश
जन माध्यम
बरेली। कुछ ही पलों में खुशी का माहौल खौफ में बदल गया जब मंच पर गूंजने वाले सुरों की जगह लोगों की चीखें सुनाई देने लगीं और हर कोई खुद को सुरक्षित निकालने की कोशिश में जुट गया।
बरेली लखनऊ हाईवे स्थित फरीदपुर में फ्यूचर यूनिवर्सिटी के नवरंग 2026 फेस्ट के दौरान पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के शो में भारी अव्यवस्था फैल गई। जैसे ही सिंगर मंच पर आईं, हजारों की भीड़ बेकाबू हो गई और सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के बैरिकेड्स टूट गए।
क्षमता से अधिक भीड़ जुटने के कारण निजी सुरक्षाकर्मी और बाउंसर हालात संभालने में पूरी तरह नाकाम नजर आए। अफरा तफरी के बीच छात्र छात्राएं जान बचाने के लिए गेट की ओर भागने लगे, जिससे भगदड़ जैसे हालात बन गए।
स्थिति बिगड़ती देख फरीदपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस की तत्परता से हालात धीरे धीरे काबू में आए और एक बड़ा हादसा टल गया।
आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने प्रचार के चलते निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को आमंत्रित किया, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और वैकल्पिक योजना नहीं बनाई। कार्यक्रम में चांसलर मुकेश गुप्ता और प्रो चांसलर दीप गुप्ता की मौजूदगी में यह अव्यवस्था हुई।
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर यूनिवर्सिटी से जवाब मांगा जाएगा। हालांकि इस अफरा तफरी के बीच कई दर्शकों को बिना शो देखे ही मायूस होकर लौटना पड़ा।