25 हजार का इनामी सुरकेश शर्मा गिरफ्तार
बरेली के भमोरा थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी सुरकेश शर्मा को उसकी पत्नी और एक साथी समेत गिरफ्तार किया। पुलिस ने अवैध वसूली और धमकी देने वाले गिरोह का खुलासा किया है।
भमोरा पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी सुरकेश शर्मा को गिरफ्तार किया।
पत्नी कृतिका शर्मा और साथी ओमवीर भी पुलिस कार्रवाई में पकड़े गए।
रंगदारी, धमकी और अवैध वसूली के आरोपों में दर्ज था मुकदमा।
जन माध्यम
बरेली।थाना भमोरा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त सुरकेश शर्मा को उसकी पत्नी कृतिका शर्मा और साथी ओमवीर के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि तीनों संगठित तरीके से लोगों को धमकाकर अवैध वसूली करने और झूठे मुकदमों में फंसाने का काम करते थे।
पुलिस के अनुसार चांदपुर निवासी अंकुर मिश्रा उर्फ प्रभात मिश्रा की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि सुरकेश शर्मा और उसके साथियों ने फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि सुरकेश शर्मा वर्ष 2023 में दर्ज सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मामले में भी वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पहले 15 हजार और बाद में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसके खिलाफ उद्घोषणा और कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक सुरकेश शर्मा का आपराधिक इतिहास वर्ष 2011 से जुड़ा हुआ है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, दुष्कर्म, मारपीट और धमकी समेत 18 मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि वह अपने गिरोह के माध्यम से लोगों पर दबाव बनाकर धन उगाही करता था और विरोध करने वालों को झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास करता था।
प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।