शिक्षकों का एड्स उन्मुखीकरण, स्वास्थ्य जागरूकता को मिलेगा बढ़ावा
मीरगंज, बरेली। उत्तर प्रदेश एड्स कंट्रोल सोसायटी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी बरेली के सहयोग से शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और सुपरवाइजरों को एचआईवी/एड्स से संबंधित उन्मुखीकरण दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न बैचों के माध्यम से प्रशिक्षण सत्र संपन्न हुए।
कार्यक्रम में शिक्षकों को बताया गया कि वे अपने स्कूलों और समाज में एड्स जागरूकता को प्रभावी रूप से कैसे फैला सकते हैं। विद्यालयों में विद्यार्थियों को सही जानकारी देना, भ्रांतियों को दूर करना और उन्हें सुरक्षित व्यवहार के प्रति सचेत करना बेहद जरूरी है।
इस दौरान डॉ. श्याम ने एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों और इसके रोकथाम पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही जानकारी और सावधानी बरतने से एचआईवी संक्रमण से बचाव संभव है। वहीं, काउंसलर जीशान ने एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) के महत्व को समझाते हुए बताया कि यह संक्रमित व्यक्ति को सामान्य जीवन जीने में सहायक होती है।
कार्यक्रम में प्रथम बैच में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, द्वितीय बैच में एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और सुपरवाइजरों तथा तृतीय बैच में शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय कुमार पाल, डॉ. श्याम, काउंसलर जीशान और बीसीपीएम प्रेमपाल मौजूद रहे।