बरेली में ट्रैफिक नियमों की उड़ाई धज्जियां, कार में पुलिस की लाइट और हूटर लगाकर बनाई रील, आप भी देखें जलवा...

बरेली में ट्रैफिक नियमों की उड़ाई धज्जियां, कार में पुलिस की लाइट और हूटर लगाकर बनाई रील, आप भी देखें जलवा...

बरेली। शहर में युवा रील बनाने के चक्कर में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। गुरुवार दोपहर से शहर के लोगों के मोबाइल फोन पर एक रील काफी तेजी से वायरल हो रही है। इसमें एक कार में पुलिस की लाइट और हूटर लगा है। बरेली के नंबर की कार के बोनट पर एक युवक बैठा है, जो गाने पर डांस कर रहा है। मगर, कुछ देर में ही कई कार एकत्र हो जाती हैं। इसके साथ ही कारों के आगे बाइक खड़ी हैं, यह सभी रील बनाने में व्यस्त हैं। हालांकि, रील शहर के किस इलाके की है। यह साफ नहीं है। कुछ लोगों ने रील शहर के कैंट थाने तो कुछ ने इज्जतनगर थाना क्षेत्र के इलाके की बताई है। इसके साथ ही पुलिस भी जांच पड़ताल में जुट गई है।

रील के चक्कर खतरे में जिंदगी

यह वीडियो शहर के डोहरा रोड का भी बताया जा रहा है। कार सवार युवकों का स्टंट दिखाते हुए वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। यह बड़ा बाइपास की तरफ का है। दो कार सवारों और कुछ बाइक सवारों का वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में लड़के कार की खिड़की और सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंटबाजी कर रहे हैं। उनके काफिले के सामने से पुलिस की गाड़ी भी जाती दिख रही है। इसके अलावा एक वीडियों और भी वायरल हो रही है।

एसपी सिटी ने कार की सीज

एसपी सिटी मानुष पारीक ने शहर में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। मालियों की पुलिया के पास एक काले रंग की लग्जरी कार को उन्होंने सीज करा दिया। इस कार पर सदस्य उप्र शासन लिखी प्लेट लगी थी। कार के शीशों पर ब्लैक फ़िल्म लगी थी। कार के अंदर बेसबॉल के बैट रखे थे। कई अन्य वाहनों का भी चालान किया गया। एसपी सिटी की गाड़ी जैसे ही मालियों की पुलिया के पास रुकी, तो लोग घबरा गए। वहां टीम के साथ कई चार पहिया वाहनों को चेक किया गया। इसमें एक चार पहिया वाहन को सीज कर वाहनों के चालान किए गए हैं। एसपी सिटी मानुष पारीक की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया।