मासूम को छोड़ फरार हुई मां

बरेली में महिला अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई, बेटे को घर पर अकेला छोड़कर जेवर, मोबाइल और नकदी भी ले गई। थाने में महिला ने कहा—मैं उसी के साथ रहूंगी।

मासूम को छोड़ फरार हुई मां
AI द्वारा काल्पनिक फोटो
HIGHLIGHTS:

➡️ महिला अपने प्रेमी के साथ फरार, मासूम बेटा घर पर अकेला
➡️ जेवर, मोबाइल और 8,000 रुपये साथ लेकर गई
➡️ बिथरी चैनपुर थाने में पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
➡️ प्रेमी और उसके भाइयों पर महिला भगाने का आरोप
➡️ पुलिस ने महिला को बरामद कर वन स्टॉप सेंटर भेजा
➡️ काउंसलिंग के बाद विधिक प्रक्रिया तय की जाएगी
➡️ इलाके में परिवारिक रिश्तों में दरार की चर्चा

जन माध्यम। बरेली।

रिश्तों की मर्यादा और सात फेरों के वचन को दरकिनार कर एक महिला अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। हैरानी की बात यह रही कि महिला घर से जाते वक्त अपने मासूम बेटे को अकेला छोड़ गई और साथ में घर में रखे जेवर, मोबाइल फोन और आठ हजार रुपये भी ले गई। मामले में पीड़ित पति की तहरीर पर बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने प्रेमी और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। भोजीपुरा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ गाजियाबाद में रहकर मजदूरी करता है। उसकी पत्नी और उसके मायके वाले भी गाजियाबाद में ही रहते हैं। युवक के अनुसार, 25 दिसंबर को उसकी पत्नी ने पिता के कमरे पर जाने की बात कही और घर से निकली, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद जानकारी हुई कि वह बिथरी चैनपुर निवासी अजीत के साथ फरार हो गई है। पीड़ित पति का आरोप है कि महिला जाते समय घर में रखे कीमती जेवर, मोबाइल फोन और नकदी भी अपने साथ ले गई। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि उसने अपने छोटे बेटे की भी परवाह नहीं की और उसे घर पर ही छोड़ गई। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में अजीत के भाई राजा, राजबहादुर और सतीश ने महिला को भगाने में पूरा सहयोग किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला की तलाश शुरू की और उसे बरामद कर लिया। थाने लाए जाने पर महिला ने पुलिस को साफ शब्दों में बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है और पति के पास वापस नहीं जाना चाहती। महिला के इस बयान से पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए।
पुलिस के अनुसार, महिला की स्थिति और सुरक्षा को देखते हुए उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है। वहां काउंसलिंग के बाद आगे की विधिक प्रक्रिया तय की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इसे पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती दरार का एक और उदाहरण मान रहे हैं।