वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
बरेली के बहेड़ी में पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से सात चोरी की बाइक-स्कूटी और 12 मास्टर चाबियां बरामद हुईं।
• बहेड़ी पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया।
• आरोपियों से सात चोरी के दोपहिया वाहन और 12 मास्टर चाबियां बरामद हुईं।
• बरामद वाहन बरेली समेत कई जिलों और दूसरे राज्यों से चोरी किए गए थे।
जन माध्यम
बहेड़ी। बहेड़ी पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सात चोरी की बाइक-स्कूटी और 12 मास्टर चाबियों का गुच्छा बरामद किया है। बरामद वाहनों में बहेड़ी से चोरी हुई होंडा लिवो बाइक भी शामिल है, जबकि अन्य वाहन विभिन्न जिलों और दूसरे राज्यों से चोरी किए गए बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 30 जून को वन विभाग तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान तीन युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने खंडहर के पीछे छिपाकर रखे सात चोरी के दोपहिया वाहन और 12 मास्टर चाबियों का गुच्छा बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव ढकिया निवासी लखविंदर (19), विपिन (19) तथा पीलीभीत जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव कुंडारा निवासी शिवा (20) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मौज-मस्ती और अपने खर्च पूरे करने के लिए बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पहले वे सुनसान स्थानों और बाजारों की रेकी करते थे, फिर मौका मिलते ही दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें छिपा देते थे। बाद में इन वाहनों को बेचने या अपने इस्तेमाल में लाने की योजना बनाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मोहित मावी, उपनिरीक्षक नीरज कुमार सिंह, हरपाल भाटी, विकास पंवार, शिवांशु राठी और विकास कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।