बदायूं में नानी और सात वर्षीय नाती की हत्या

बदायूं के कान्हा नगला गांव में 47 वर्षीय महिला और सात वर्षीय नाती के शव घर में मिले। पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी।

बदायूं में नानी और सात वर्षीय नाती की हत्या
ऐ आई द्वारा सांकेतिक फोटो
HIGHLIGHTS:

बदायूं के कान्हा नगला गांव में 47 वर्षीय महिला और सात वर्षीय नाती के शव घर में मिले।



महिला के कानों से सोने के कुंडल गायब होने के बाद लूटपाट की आशंका जताई जा रही है।



पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, परिजनों की तहरीर का इंतजार।

जन माध्यम
बदायूं। जिले के बिनावर थाना क्षेत्र के कान्हा नगला गांव में शनिवार सुबह दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। घर में सो रही 47 वर्षीय महिला और उसके सात वर्षीय नाती की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। दोनों के शव बिस्तर पर पड़े मिले। मृतकों के गले पर निशान पाए गए हैं, जबकि महिला के कानों से सोने के कुंडल गायब बताए जा रहे हैं। ऐसे में लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी नियाज बानो (47) शुक्रवार रात अपने सात वर्षीय नाती अफाक के साथ घर में सो रही थीं। उनकी बेटी हिना की शादी गांव के ही आरिफ से हुई है। शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हिना मां और बेटे को चाय देने पहुंचीं। घर का दरवाजा खुला देखकर वह अंदर चली गईं। कमरे में पहुंचने पर बिस्तर पर मां और बेटे के शव देखकर उनकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घर के अंदर जांच कर साक्ष्य जुटाए। महिला के कानों से कुंडल गायब होने की बात सामने आने के बाद लूटपाट के इरादे से वारदात किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस पहलू समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस मृतका के परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वारदात के पीछे की वजह और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।