एक्सपायरी दवाओं की जांच फिर टली

मथुरा के राल क्षेत्र में परिक्रमार्थियों को एक्सपायरी दवाएं वितरित किए जाने के मामले की जांच समिति के अध्यक्ष के बीमार होने से बयान दर्ज नहीं हो सके, जिससे जांच प्रक्रिया फिलहाल टल गई।

एक्सपायरी दवाओं की जांच फिर टली
HIGHLIGHTS:

एक्सपायरी दवाओं के वितरण मामले में जांच फिर टली।

जांच समिति के अध्यक्ष के बीमार होने से बयान दर्ज नहीं हो सके।

स्वास्थ्य विभाग की चार सदस्यीय समिति को सौंपा गया है जांच का जिम्मा।

जन माध्यम
मथुरा।
राल क्षेत्र के गांव तारसी में ब्रज चौरासी कोस परिक्रमार्थियों को कथित रूप से एक्सपायरी दवाएं वितरित किए जाने के मामले की जांच एक बार फिर टल गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गठित चार सदस्यीय जांच समिति संबंधित पक्षों के बयान दर्ज नहीं कर सकी। समिति के अध्यक्ष के बीमार होने के कारण जांच की प्रक्रिया फिलहाल आगे नहीं बढ़ सकी।

मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राल के प्रभारी डॉ. राकेश सिंह सिकरवार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ से शिकायत की थी। शिकायत में फार्मासिस्ट अवनीश गोयल पर परिक्रमार्थियों को एक्सपायरी आई एवं कान के ड्रॉप समेत अन्य दवाएं वितरित करने तथा साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। समिति में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के नोडल अधिकारी डॉ. सत्य प्रकाश राठौर, डॉ. अनुज चौधरी और चीफ फार्मासिस्ट शिव कुमार माहौर को शामिल किया गया है। समिति को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है।

जांच समिति ने सीएचसी प्रभारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और संबंधित फार्मासिस्ट को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किए थे। हालांकि समिति अध्यक्ष के अस्वस्थ होने के कारण निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी, जिससे जांच फिलहाल लंबित हो गई है। अब स्वास्थ्य विभाग की नजर समिति के दोबारा बैठक कर जांच आगे बढ़ाने पर है।