बहेड़ी पहुंचे जगद्गुरु शंकराचार्य, गौ संरक्षण का दिया संदेश

बहेड़ी में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने गौ संरक्षण पर जोर देते हुए गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग दोहराई।

बहेड़ी पहुंचे जगद्गुरु शंकराचार्य, गौ संरक्षण का दिया संदेश
HIGHLIGHTS:

• बहेड़ी आगमन पर जगद्गुरु शंकराचार्य का श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया।

• गौ संरक्षण पर बल देते हुए गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग दोहराई।

• जनजागरण अभियान के तहत बहेड़ी को 228वीं विधानसभा बताया।

जन माध्यम – बहेड़ी (बरेली)

बहेड़ी में सोमवार को जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के आगमन पर श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया। नगर में जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई और जयघोषों के बीच बड़ी संख्या में लोग उनके दर्शन एवं आशीर्वाद के लिए पहुंचे।

नगर के एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में शंकराचार्य ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान है। उन्होंने गाय को 'राष्ट्र माता' का दर्जा दिए जाने की मांग दोहराते हुए गौ संरक्षण के लिए समाज से सक्रिय सहयोग की अपील की।

उन्होंने बताया कि गौ संरक्षण और गाय को राष्ट्र माता घोषित करने के समर्थन में देशभर की 403 विधानसभा क्षेत्रों में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बहेड़ी उनकी 228वीं विधानसभा रही, जहां उन्होंने लोगों को इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

शंकराचार्य के आगमन को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम स्थल पर महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया तथा जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने शंकराचार्य से आशीर्वाद प्राप्त किया और उनके विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। आयोजन में अनुशासन और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर सपा विधायक अताउररमान, सपा जिलाध्यक्ष सुभलेश यादव, सीताराम दुबे, केसर मिल के सीईओ शरद मिश्रा, वफ़ाउररमान, प्रमोद तिवारी, बच्चन सारावत, हृदेश पंडित, आचार्य राजीव मिश्रा, पीर मोहम्मद, विजेंद्र चौधरी, राजू मौर्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।