कप्तान की बारीक निगाहों ने पकड़ीं खामियां, इज्जतनगर थाने पहुंचे एसएसपी, निरीक्षण किया, हिल गया थाना

एसएसपी अनुराग आर्य द्वारा थाना इज्जतनगर के वार्षिक निरीक्षण के दौरान कई कमियों का खुलासा हुआ, जिनमें इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी समस्याएं और जलभराव की समस्या शामिल थीं। एसएसपी ने इन कमियों को सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान दो उप निरीक्षकों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए, जबकि एक हेड कांस्टेबल को बेहतर काम के लिए इनाम दिया गया।

कप्तान की बारीक निगाहों ने पकड़ीं खामियां, इज्जतनगर थाने पहुंचे एसएसपी, निरीक्षण किया, हिल गया थाना

बरेली। आमतौर पर जब कोई अफसर कहीं निरीक्षण करने जाता है तब जिसका और जहां का निरीक्षण होना होता है, वहां के जिम्मेदार अपनी कमियों को भी बेहतरी के चमचमाते सुनहरे वर्कों से ढांप और ढक देते हैं। थाना इज्जतनगर में भी कुछ ऐसा ही दिखा। कप्तान को आना था। निरीक्षण पर। बहुत बेहतर इंतजाम किये गए। तिरंगे गुब्बारे, बढ़िया साज सजावट। एसएसपी अनुराग आर्य की बारीक और अनुभवी निगाहों को जहां जहां जिन कमियों को पकड़ना था – पकड़ लिया। उन्होंने डांटा भी, एक्शन भी लिया और बेहतर काम करने वाले को इनाम भी दिया।

निरीक्षण के बाद एसएसपी ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि वार्षिक निरीक्षण में थाने के इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कई समस्याओं को समझा गया है। निर्माणाधीन बैरक में लगने वाले मैटेरियल और क्वालिटी की जांच होगी। एसपी सिटी सिविल इंजीनियर्स के साथ थाने का ड्रेनेज प्लान तैयार करायेंगे। जिससे जलभराव की समस्या खत्म हो सके। बेकार भवन हटाकर नए आवास बन सकते हैं। 

उन्होंने बताया कि दो उप निरीक्षक धर्मेन्द्र विश्नोई और इंद्रपाल सिंह के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। इनके क्रियाकलाप और रजिस्ट्रर नम्बर आठ यानी हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर के सत्यापन को लेकर कार्रवाई की गई है। एक हेड कांस्टेबिल सर्वेश कुमार को बेहतर काम के लिए दो हजार रुपये का रिवार्ड भी दिया गया है। 

एसएसपी ने इलाके के ‘संभ्रांत नागरिकों’ के साथ भी भेंट मुलाकात की, हांलाकि उनमें से कुछ के संभ्रांत होने को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं। निरीक्षण के दौरान कई कमियां भी मिलीं। मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल आईजीआरएस के निस्तारण को लेकर भी कई गंभीर सवाल उठे। जिम्मेदारों की भी डांट लगी। एसएसपी ने व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी मानुष पारीक, एएसपी देवेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।