33 केवी लाइन का खंभा टूटा, शाही हाईडल क्षेत्र की बिजली बाधित

शाही–धनेटा मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से 33 केवी लाइन का पोल टूट गया, जिससे शाही हाईडल क्षेत्र के कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

33 केवी लाइन का खंभा टूटा, शाही हाईडल क्षेत्र की बिजली बाधित
HIGHLIGHTS:

➡️ अज्ञात वाहन की टक्कर से 33 केवी पोल क्षतिग्रस्त
➡️ शाही हाईडल क्षेत्र के कई गांवों की बिजली बाधित
➡️ बिजली विभाग की तत्परता से आपूर्ति बहाल

दीनानाथ कश्यप । जन माध्यम
शाही,बरेली।
शाही–धनेटा–शीशगढ़ मार्ग पर बुधवार दोपहर बाद एक अज्ञात वाहन ने 33 केवी बिजली लाइन के पोल को टक्कर मारकर तोड़ दिया, जिससे शाही हाईडल से जुड़े कई गांवों की बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए बाधित हो गई। घटना बहादुर गांव के पास हुई, जहां टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई, लेकिन बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही अवर अभियंता रामदेव वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया। जेई रामदेव वर्मा ने दूसरे स्थान से नया पोल मंगवाकर टीम के सहयोग से टूटे हुए खंभे को बदला। तेजी से लाइन दुरुस्त कर प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग की तत्परता और कर्मचारियों की सक्रियता की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि गन्ने से लदे ओवरलोड वाहन इस तरह की दुर्घटनाओं का मुख्य कारण हैं। ये वाहन तेज रफ्तार से सड़कों पर बेखौफ दौड़ते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। बिजली विभाग के लिए अज्ञात वाहनों द्वारा खंभे तोड़ने की घटनाएं लगातार सिरदर्द बनी हुई हैं। जानकारी के अनुसार, पिछले छह महीनों में इसी मार्ग पर यह तीसरी बार 33 केवी लाइन का खंभा टूटने की घटना है। करीब एक सप्ताह पहले भी इसी सड़क पर एक ट्रक ने 33 केवी का पोल तोड़ दिया था।

अवर अभियंता रामदेव वर्मा ने बताया कि अज्ञात वाहन द्वारा तोड़े गए खंभे की मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जनता को निर्बाध बिजली सेवा देना विभाग का पहला कर्तव्य है, जिसके लिए दिन-रात मेहनत की जाएगी।