सड़क हादसे में युवक की मौत
बरेली के मीरगंज में बस से उतरते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। इलाज के दौरान दम तोड़ने से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
➡️ मीरगंज अड्डे पर बस से उतरते समय हुआ हादसा
➡️ अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर घायल
➡️ इलाज के दौरान युवक की मौत, परिवार में कोहराम
जन माध्यम
मीरगंज (बरेली)। थाना मीरगंज क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गांव पेगा नगरी उर्फ नगरिया भगत निवासी 30 वर्षीय तेजेंद्र पाल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहारा बने तेजेंद्र की अचानक मौत से गांव में शोक की लहर है।
मृतक के भाई यशपाल ने जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर जानकारी देते हुए बताया कि तेजेंद्र पाल 17 तारीख को रामपुर में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रोडवेज बस से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मीरगंज अड्डे पर बस से उतरे, उसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तेजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से घायल युवक को एंबुलेंस द्वारा अस्पताल भिजवाया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान की जा रही है।
अचानक हुए इस हादसे ने तेजेंद्र पाल की पत्नी चित्रा देवी और दो छोटे बच्चों को बेसहारा कर दिया है। पति की मौत के बाद चित्रा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।