अध्यक्षी के 23 दावेदार-किसका होगा बेड़ा पार..कांग्रेस में जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पद के लिए लगी होड़
बरेली। कांग्रेस पार्टी में जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के पद को लेकर दावेदारों की लाइन लग गई है। पार्टी संगठन के ये पद न केवल स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण हैं, बल्कि संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों में कांग्रेस की रणनीति के लिए भी अहम माने जाते हैं। वर्तमान समय में जिलाध्यक्ष पद के लिए 11 और महानगर अध्यक्ष पद के लिए 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। स्थानीय स्तर से लेकर प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व तक इन दावेदारों के साक्षात्कार लिए जा चुके हैं। अब अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा।
कांग्रेस कमेटियों को भंग किए जाने के बाद कार्यवाहक जिलाध्यक्ष के रूप में मिर्जा अशफाक सकलैनी और कार्यवाहक महानगर अध्यक्ष के रूप में अजय शुक्ला को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, अब स्थायी पदों पर नियुक्तियों के लिए कई अन्य नामों पर भी विचार हो रहा है। जिलाध्यक्ष पद के लिए कुल 11 उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं, जिनमें मिर्जा अशफाक सकलैनी, असलम चौधरी, राज शर्मा, हेमंत शर्मा, दिनेश दादा, रामदेव पांडेय, अनिल देव शर्मा, उल्फत सिंह कठेरिया, कमर गनी और पप्पू सागर प्रमुख हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार इन सभी दावेदारों ने अपनी-अपनी दावेदारी को मजबूती देने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास शुरू कर दिए हैं।
इनमें से मिर्जा अशफाक सकलैनी, असलम चौधरी और राज शर्मा के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। वहीं महानगर अध्यक्ष पद के लिए 12 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की है। इनमें अजय शुक्ला, डॉ. के.बी. त्रिपाठी, दिनेश दादा, मोहम्मद जकी, अभिषेक माहेश्वरी, राजेंद्र सागर, उल्फत सिंह कठेरिया, अवनीश बख्शी टोनू, मेंहदी हसन, फैजर नवाब, योगेश जौहरी और सुरेंद्र कुमार मिश्रा का नाम शामिल है। इन नामों में से डॉ. के.बी. त्रिपाठी, दिनेश दादा और मोहम्मद जकी के नाम सामने आ रहे हैं। इन दावेदारों के साक्षात्कार पहले स्थानीय स्तर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने लिए थे। इसके बाद प्रदेश नेतृत्व ने इन सभी उम्मीदवारों का साक्षात्कार किया और उनकी पूरी सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी है।
Comments (0)