डिप्रेशन से परेशान युवक ने जंगल में फांसी लगाकर दी जान

बरेली के शाही थाना क्षेत्र के गांव खजुरिया में डिप्रेशन और कर्ज से जूझ रहे 25 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में जुटी।

डिप्रेशन से परेशान युवक ने जंगल में फांसी लगाकर दी जान
मृतक का फाइल फोटो
HIGHLIGHTS:

➡️ शाही थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव की घटना
➡️ जंगल में मिला युवक का शव
➡️ कर्ज और मानसिक तनाव से जूझ रहा था युवक
➡️ पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया पीछे
➡️ पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
➡️ रिपोर्ट आने के बाद स्थिति होगी स्पष्ट

दीनानाथ कश्यप । जन माध्यम
शाही,बरेली।
थाना क्षेत्र के गांव खजुरिया में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवक का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, गांव खजुरिया निवासी संतोष पुत्र वेदराम (उम्र लगभग 25 वर्ष) बुधवार शाम करीब 7:30 बजे खजुरिया–लालपुर के जंगल में गया था, जहां उसने पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। संतोष की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी। उसके परिवार में पत्नी आरती, लगभग चार वर्ष की एक बेटी और करीब डेढ़ वर्ष का एक बेटा है। संतोष तीन भाइयों में मंझला था। स्थानीय लोगों के अनुसार, संतोष ने कुछ वर्ष पहले जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली खरीदकर अपना कारोबार शुरू किया था। व्यापार में नुकसान होने के कारण उस पर कर्ज बढ़ता चला गया, जिससे वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। चर्चा है कि कुछ दिन पहले भी उसके घर पर आत्महत्या से जुड़ा हंगामा हुआ था, हालांकि उस समय कोई अनहोनी नहीं हुई थी। युवक की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थानाध्यक्ष राजेश कुमार बैंसला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।