मीरगंज हुरहुरी स्थित इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं का विदाई समारोह
मीरगंज के हुरहुरी स्थित इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं का विदाई समारोह आयोजित हुआ, जहां प्रबंधक ने गिफ्ट व पटका देकर सम्मान किया।
➡️ हुरहुरी इंटर कॉलेज में विदाई समारोह आयोजित
➡️ छात्र-छात्राओं को गिफ्ट व पटका देकर सम्मान
➡️ प्रबंधक ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की
कर्ण पाल सिंह / जन माध्यम
मीरगंज (बरेली)। गांव हुरहुरी स्थित श्रीमती कमला देवी मेमोरियल इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन विद्यालय प्रबंधन द्वारा भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने छात्रों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आशीर्वाद प्रदान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक प्रेमपाल सिंह ने इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को गिफ्ट और पटका देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं आगे चलकर डॉक्टर, लेखक और प्रशासनिक अधिकारी जैसे प्रतिष्ठित पदों को सुशोभित करेंगे। उन्होंने इसे अपनी प्रभु से हार्दिक इच्छा बताया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहम्मद असलम ने भी छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनकी निरंतर उन्नति और सफलता की कामना की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए और विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में उप प्रधानाचार्य रिंकू, प्रेम शंकर, लक्ष्मीकांत, अवधेश कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। आयोजन का माहौल भावुकता और उत्साह से भरा रहा।