सीबीगंज में चला बीडीए का बुलडोजर
सीबीगंज क्षेत्र में बीडीए ने बिना अनुमति विकसित हो रहीं अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। करीब 60 बीघा भूमि पर बने अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए।
➡️ सीबीगंज क्षेत्र में बीडीए की बड़ी कार्रवाई
➡️ बिना अनुमति विकसित हो रहीं कॉलोनियां जमींदोज
➡️ ग्राम भगवन्तापुरा में 60 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
➡️ विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई
➡️ भारी पुलिस बल की तैनाती
➡️ अवैध कॉलोनाइजरों में मचा हड़कंप
जन माध्यम। बरेली।
अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बीडीए ने सख्त तेवर दिखाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। सीबीगंज क्षेत्र में बिना अनुमति और नियमों को ताक पर रखकर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर बीडीए की टीम ने बुलडोजर चलाकर उन्हें जमींदोज कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा तफरी मच गई और अवैध प्लॉटिंग करने वालों में खलबली फैल गई। यह ध्वस्तीकरण अभियान विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। मौके पर सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह, अवर अभियंता सुरेन्द्र द्विवेदी, संदीप कुमार सहित पूरी प्रवर्तन टीम मौजूद रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था,जिसके चलते कार्रवाई शांतिपूर्वक और सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
60 बीघा में फैली अवैध कॉलोनियां ध्वस्त बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन ने बताया कि जांच में सामने आया कि सीबीगंज के ग्राम भगवन्तापुरा में आफाक उर्फ मन्नी भाई द्वारा करीब 40 बीघा भूमि पर बिना किसी स्वीकृति के अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। भूखंडों का चिन्हांकन कर बाउंड्रीवाल और अन्य सभी निर्माण कार्य भी करा दिए गए थे। बीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर इन सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इसी गांव में मुस्तफाक अहमद द्वारा भी लगभग 20 बीघा जमीन पर बिना नक्शा पास कराए अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां भी प्लॉट काटने और निर्माण की तैयारी चल रही थी। प्राधिकरण ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध ढांचों को गिरा दिया। बीडीए की इस कड़ी कार्रवाई के बाद अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति कॉलोनी काटने और निर्माण करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि कोई भी भूखंड या मकान खरीदने से पहले उसकी वैधता जरूर जांच लें, क्योंकि नियमों की अनदेखी पर कभी भी बुलडोजर की कार्रवाई हो सकती है।