बरेली में ‘सा रे गा मा’ म्यूज़िक ग्रुप का आगाज़
Bareilly में ‘सा रे गा मा’ म्यूज़िक ग्रुप का शुभारंभ रॉयल पटियाला के पास हुआ। तीन घंटे की संगीत संध्या में सूफी, पारंपरिक और फिल्मी गीतों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
➡️ रॉयल पटियाला के पास हुआ शुभारंभ समारोह
➡️ तीन घंटे तक चली संगीत संध्या
➡️ सूफी व पारंपरिक गीतों ने बांधा समां
➡️ सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का लिया संकल्प
हसीन दानिश । जन माध्यम
बरेली। शहर में संगीत प्रेमियों के लिए एक नई पहल के तहत ‘सा रे गा मा’ म्यूज़िक ग्रुप का शुभारंभ किया गया। रॉयल पटियाला जिला परिषद के पास आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने लगभग तीन घंटे तक शानदार प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।
ग्रुप की स्थापना परविंदर होरा और रवि सक्सेना द्वारा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद एक के बाद एक पुराने और नए गीतों की मधुर प्रस्तुतियां दी गईं। पारंपरिक, फिल्मी और सूफी गीतों के संगम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में खुर्शीद अली खान मौजूद रहे। उन्होंने गजल प्रस्तुतियों का आनंद लेते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं और संगीत के इस प्रयास को सराहनीय बताया।
संगीत संध्या में प्रदीप श्रीवास्तव, नीता सक्सेना, बेबी शर्मा, प्रतीक शर्मा, पूजा दुबे, हरलीन कौर, हरप्रीत सिंह गिल, सुखबीर सिंह बेदी, मुकेश सक्सेना, विकास जौहरी, राकेश श्रीवास्तव, नीतू टंडन, नीरज टंडन, एडवोकेट सुषमा गौतम, विजय शर्मा सहित अनेक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। ‘तुझे देखा तो ये जाना सनम’, ‘ए मेरी जोहरा जबीं’, ‘यह रातें यह मौसम’, ‘तुम जो मिल गए हो’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।
परविंदर होरा और रवि सक्सेना ने बताया कि ‘सा रे गा मा’ म्यूज़िक ग्रुप मां सरस्वती के चरणों में समर्पित है। इसका उद्देश्य संगीत के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना और सदस्यों के बीच पारिवारिक भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि यह मंच नए और पुराने कलाकारों को साथ लेकर संगीत की नई पहचान बनाएगा।
कार्यक्रम के अंत में रवि सक्सेना ने सभी कलाकारों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन के पश्चात उपस्थित लोगों ने आपसी संवाद के साथ भोजन का आनंद लिया।
इस अवसर पर मुकेश सक्सेना (एलआईसी), हेमलता, बिंद, सलिल मथुरिया, विजय मिश्रा, वेद प्रकाश, भुवनेश सक्सेना, अनिल मनी, मोहित जौहरी, किरण सक्सेना, राज श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।