सौदन्त में साढ़े 17 लाख की लूट
मेरठ के सौदन्त गांव में देर रात चार बदमाश घर में घुसे और 17.5 लाख नकदी व लाखों के जेवर लूटकर फरार हो गए। पुलिस जांच में जुटी।
➡️ देर रात घर में घुसे चार बदमाश
➡️ साढ़े 17 लाख नकदी और लाखों के जेवर लूटे
➡️ विरोध करने पर महिला से मारपीट
➡️ गांव में दहशत, पुलिस जांच तेज
हशमे आलम । जन माध्यम
मेरठ। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सौदन्त में देर रात दुस्साहसिक लूट की वारदात से सनसनी फैल गई। चार बदमाश एक मकान में घुसकर साढ़े 17 लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये मूल्य के जेवरात लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की।
गांव सौदन्त निवासी इसरार अहमद पुत्र मोहम्मद अली ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह अपनी पत्नी अनवरी के साथ कमरे में सो रहे थे, जबकि उनकी दो पुत्रवधुएं ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में थीं। रात करीब तीन बजे घर में आहट हुई। आवाज सुनकर अनवरी कमरे से बाहर निकलीं तो देखा कि चार अज्ञात युवक घर के दूसरे कमरे की ओर जा रहे हैं।
बताया गया कि अनवरी ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और खुद को छुड़ाकर भीतर रखी नकदी और जेवरात समेट लिए। पीड़ित परिवार के अनुसार घर में रखे साढ़े 17 लाख रुपये तथा लाखों की कीमत के आभूषण बदमाश अपने साथ ले गए।
वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद से गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि देर रात घर में घुसकर इतनी बड़ी लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।