सर्राफा व्यापारियों को मिला नया मंच

बरेली में सर्राफा व्यापारियों ने अपने हितों की रक्षा के लिए यू.पी. सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन (रजि.) का गठन किया। बैठक में पदाधिकारियों की घोषणा के साथ संगठन की रूपरेखा तय की गई।

सर्राफा व्यापारियों को मिला नया मंच
HIGHLIGHTS:

➡️ बरेली में सर्राफा व्यापारियों का नया संगठन गठित
➡️ होटल डी ग्रैंड में बैठक व प्रेस वार्ता का आयोजन
➡️ सोने-चांदी के व्यापार से जुड़ी समस्याओं पर फोकस

हसीन दानिश / जन माध्यम

बरेली। बरेली के सर्राफा व्यापारियों ने अपने हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर नया संगठन गठित किया है। यू.पी. सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन (रजि.) का गठन गुरुवार को सिविल लाइंस जंक्शन रोड स्थित होटल डी ग्रैंड में आयोजित बैठक एवं प्रेस वार्ता के दौरान किया गया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से सर्राफा व्यापारियों को एक मजबूत और संगठित मंच की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। सोने-चांदी के भावों में लगातार उतार-चढ़ाव, गिरवी रखे आभूषणों से जुड़े विवाद, चोरी-डकैती की आशंका, आईपीसी की धारा 411 एवं बीएनएस की धारा 317 जैसी कानूनी जटिलताएं, आभूषणों की शुद्धता तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी जैसे मुद्दों पर संगठन सक्रिय भूमिका निभाएगा।

बैठक में सर्वसम्मति से संगठन के पदाधिकारियों की घोषणा की गई। संरक्षक के रूप में प्रताप चंट शेठ जी, प्रेम प्रकाश अग्रवाल जी एवं विनीत रस्तोगी जी को जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रदेश अध्यक्ष अनिल पाटिल, मंडल अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा, जिला अध्यक्ष सुशील बंसल, महानगर अध्यक्ष संजीव अग्रवाल (पूर्व पार्षद) तथा जिला प्रभारी के रूप में रामनारायण गुप्ता को मनोनीत किया गया। इसके अतिरिक्त प्रदेश, मंडल, जिला एवं महानगर स्तर पर अन्य पदाधिकारियों की भी नियुक्तियां की गईं।

संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष अनिल पाटिल ने कहा कि सर्राफा व्यापारियों को संगठित होना समय की मांग है। किसी भी समस्या के समाधान के लिए संगठन के सभी पदाधिकारी मिलकर कार्य करेंगे और व्यापारियों के हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।

मंडल अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा ने “संगठित व्यापारी, सुरक्षित व्यापारी” के सिद्धांत पर कार्य करने की बात कही और युवाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया। जिला अध्यक्ष सुशील बंसल ने सभी सर्राफा व्यापारियों को एकजुट कर मजबूत संगठन खड़ा करने का संकल्प व्यक्त किया। महानगर अध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने बढ़ते सोने-चांदी के दामों से व्यापार पर पड़ने वाले प्रभाव को रेखांकित करते हुए जागरूकता अभियान चलाने की बात कही। जिला प्रभारी रामनारायण गुप्ता ने ग्रामीण क्षेत्रों के सर्राफा व्यापारियों को भी संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।

बैठक में बरेली शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने संगठन के गठन को सकारात्मक पहल बताते हुए इसे व्यापारियों के लिए नई ऊर्जा और सुरक्षा की दिशा में अहम कदम बताया।

यू.पी. सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन (रजि.) के गठन से बरेली के सर्राफा व्यापार में संगठनात्मक मजबूती और सामूहिक आवाज को बल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।