कांग्रेस की बैठक में संगठन सृजन और लोकतंत्र रक्षक बनाने पर जोर, बूथ स्तर पर वोट चोरी रोकने की रणनीति
बरेली में कांग्रेस की बैठक में संगठन सृजन, बूथ लेवल एजेंट नियुक्ति और लोकतंत्र रक्षक बनाने पर जोर, वोट चोरी रोकने की रणनीति पर चर्चा।
➡️ बरेली में कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
➡️ संगठन सृजन और बूथ स्तर एजेंट (बीएलए) नियुक्ति पर जोर
➡️ ‘लोकतंत्र रक्षक’ बनाकर वोट चोरी रोकने की रणनीति तैयार
➡️ प्रत्येक बूथ पर जिम्मेदार कार्यकर्ता नियुक्त करने का प्रस्ताव
➡️ महानगर अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश दददा ने जनता की समस्याओं पर सड़कों पर संघर्ष करने का आह्वान किया
➡️ वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं ने बैठक में सक्रिय भागीदारी दिखाई
हसीन दानिश/ जन माध्यम
बरेली। महानगर कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को रामपुर गार्डन स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। महानगर अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश दददा की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन महामंत्री डॉ. सरताज हुसैन ने किया। बैठक में मुख्य रूप से संगठन सृजन, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति और आगामी चुनावों में मतदान प्रक्रिया की सुरक्षा पर विस्तृत चर्चा हुई।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य प्रेम प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि अन्य राज्यों के हालिया चुनावों के अनुभव को देखते हुए उत्तर प्रदेश में हर बूथ पर लोकतंत्र रक्षक नियुक्त करना जरूरी है। इससे मतदान के अधिकार की रक्षा हो सकेगी और लोकतंत्र मजबूत होगा।
पूर्व शहर विधानसभा प्रत्याशी कृष्ण कांत शर्मा ने जोर दिया कि गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर एक जिम्मेदार कांग्रेस कार्यकर्ता को बीएलए नियुक्त किया जाए, जो वोटों की चोरी और किसी भी तरह की धांधली को रोकने का काम करेगा।
विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. यशपाल सिंह ने कहा कि केवल लोकतंत्र रक्षक बनकर ही नहीं, बल्कि मतदाताओं के बीच गहरी पैठ बनाकर ही देश को सही दिशा दी जा सकती है।
अंत में महानगर अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश दददा ने कहा, “संगठन सृजन और बीएलए की नियुक्ति हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन इसके साथ-साथ जनता की समस्याओं के लिए सड़कों पर भी संघर्ष करना होगा।”
बैठक में डॉ. हरीश गंगवार (बीएलए कोऑर्डिनेटर), प्रवीण मिश्रा, फैजर नवाब, तबरेज खान, महेंद्र गंगवार, रेहान बशीरी, मनोज घोष, अकरम खान, देवेंद्र श्रीवास्तव, विनोद कुमार, सतीश चंद्र, तीरथ मधुकर, अमजद मामू, जितेंद्र बाबू, योगेश जयसवाल, मनोज शर्मा, श्रीमती जोया खान सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।