बरेली में अवैध शराब का कहर: अंधे चाचा की गुहार – कब जागेगी पुलिस?
बरेली के भुड़िया कॉलोनी में अवैध शराब से कई लोगों की मौत। दृष्टिहीन सुशील राय ने SSP से न्याय की गुहार लगाई, आरोप – पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है ज़हर का कारोबार।
→ बरेली के भुड़िया कॉलोनी में अवैध शराब से कई मौतें
→ अंधे चाचा सुशील राय ने SSP से की न्याय की मांग
→ ब्यूटी मलिक और उसके साथियों पर अवैध शराब बेचने का आरोप
→ रूपेश सिकदर की मौत के बाद गांव में मातम
→ ग्रामीण बोले – पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है कारोबार
बरेली के बहेड़ी क्षेत्र में अवैध शराब से कई लोगों की मौत। अंधे चाचा सुशील राय ने SSP से की कार्रवाई की मांग।
जन माध्यम
बरेली। थाना बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम भुड़िया कॉलोनी में अवैध शराब के जहर ने कई घर उजाड़ दिए हैं। गांव का माहौल मातम में डूबा है, और अब एक अंधे व्यक्ति की फरियाद प्रशासन के दरवाजे पर दस्तक दे रही है।
सुशील राय, जो खुद दृष्टिहीन हैं, अपने भतीजे विधुर राय की मौत के बाद न्याय की गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि गांव में ढाबा चलाने वाली ब्यूटी मलिक (पत्नी स्व. राकेश) और उसके साथी शोभिम माझी, मिन्टू हलघर, उत्तमराय और पुन्नो राय नानकमत्ता से अवैध शराब लाकर खुलेआम बेचते हैं।
सुशील का कहना है कि यह शराब नहीं, “मौत का सौदा” है। उनके मुताबिक, इसी जहरीली शराब ने पहले पूर्व प्रधान अग्रेज सरकार, गौतम सरकार, और अब रूपेश सिकदर जैसी कई जानें ले ली हैं। “कल रात रूपेश सिकदर की सांसें थम गईं, लेकिन किसी ने सुना तक नहीं,” सुशील की कांपती आवाज़ ने पूरे गांव को सन्न कर दिया।
सुशील ने आरोप लगाया कि पुलिस की शह पर यह गोरखधंधा चल रहा है। मैंने थाने-चौकी के चक्कर काटे, शिकायतें दीं, लेकिन कार्रवाई के बजाय चुप्पी मिली। कितनी लाशें चाहिए इन्हें? कितनी मांओं को रोना पड़ेगा? उन्होंने सवाल उठाया।
गांव के लोगों के मुताबिक, अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से जारी है, लेकिन प्रशासन मौन है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो और मौतें हो सकती हैं।
सुशील राय ने एसएसपी से सख्त कदम उठाने की अपील की है। उनका कहना है कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो ताकि किसी और परिवार को यह दर्द न झेलना पड़े।
यह सिर्फ एक गांव की कहानी नहीं, बल्कि पूरे समाज की चेतावनी है —
अगर सिस्टम नहीं जागा, तो अगली लाश किसी और के घर से उठेगी।