सड़क पर तांडव, कार बनी कहर
बरेली के बारादरी क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। नशे में ड्राइविंग की आशंका है, चालक फरार है।
➡️ बारादरी क्षेत्र में तेज रफ्तार कार का तांडव
➡️ एक के बाद एक कई वाहनों को मारी टक्कर
➡️ आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल
➡️ नशे में ड्राइविंग की आशंका
➡️ इलाके में मची अफरातफरी
➡️ सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज
➡️ हादसे के बाद चालक मौके से फरार
➡️ पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
जन माध्यम। बरेली।
बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र में रविवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार कार ने नियंत्रण खोते हुए एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। जगतपुर नई बस्ती निवासी 25 वर्षीय अफजल के अनुसार, वह अपने खालाले भाई अफसर के साथ बाइक से मिशन मार्केट स्वेटर और जैकेट खरीदने जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने अचानक वाहनों को रौंदना शुरू कर दिया।
घायलों की आपबीती और अफरातफरी
हादसे में कई लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ देर के लिए बेहोश भी हो गए, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। दूसरे घायल गौरव मणिनाथ, निवासी सुभाष नगर ने बताया कि वह काम से लौटते समय पेट्रोल डलवाने के लिए हिनता कट पार कर रहे थे, तभी पीछे से आई कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग सड़क पर गिर पड़े।
नशे में ड्राइविंग की आशंका
सूत्रों के मुताबिक, कार सवार युवक शराब के नशे में बताए जा रहे हैं। नियंत्रण खोने के बाद उन्होंने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मारी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा गया।
पुलिस कार्रवाई और जांच
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने कार चालक की तलाश शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।