बरेली में ‘बियॉन्ड द प्लेट’ हेल्थ सेमिनार 7 मई को: फिट रहने के लिए केवल हेल्दी डाइट ही काफी नहीं

न्यूट्रिशनिस्ट देवयानी मुखर्जी द्वारा 7 मई को बरेली क्लब में 'बियॉन्ड द प्लेट' सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। इसमें संतुलित आहार के साथ-साथ सही जीवनशैली और बच्चों व महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं पर विशेष चर्चा होगी।

बरेली में ‘बियॉन्ड द प्लेट’ हेल्थ सेमिनार 7 मई को: फिट रहने के लिए केवल हेल्दी डाइट ही काफी नहीं
सेमिनार के बारे में जानकारी देतीं न्यूट्रिशनिस्ट देवयानी मुखर्जी।
HIGHLIGHTS:

7 मई (गुरुवार) को बरेली क्लब के ‘क्लाउड नाइन’ हॉल में शाम 4 से 7 बजे तक होगा आयोजन।

सिर्फ खाना ही नहीं; नींद, पानी और शारीरिक गतिविधि के महत्व पर दी जाएगी जानकारी।

हसीन दानिश। जन माध्यम

बरेली। शहरवासियों को सेहत के प्रति जागरूक करने के लिए आगामी 7 मई (गुरुवार) को एक विशेष हेल्थ सेमिनार ‘बियॉन्ड द प्लेट’ का आयोजन किया जा रहा है। न्यूट्रिशनिस्ट एवं सर्टिफाइड योग-फिटनेस कोच देवयानी मुखर्जी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम बरेली क्लब के ‘क्लाउड नाइन’ हॉल में शाम 4 बजे से 7 बजे तक चलेगा।

प्रेस वार्ता में देवयानी मुखर्जी ने बताया कि इस सेमिनार का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि अच्छी सेहत का अर्थ केवल भोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें संतुलित दिनचर्या, गहरी नींद, पर्याप्त जल सेवन और नियमित शारीरिक व्यायाम का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने 2023 में बरेली में ‘ईट हेल्दी एंड वाइज’ प्लेटफॉर्म की शुरुआत की, जिसके माध्यम से वे भोजन पकाने के सही तरीकों और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में लोगों को मार्गदर्शन दे रही हैं।

सेमीनार में विशेष रूप से महिलाओं में होने वाली एनीमिया (खून की कमी), हड्डियों की कमजोरी और बाल झड़ने जैसी गंभीर समस्याओं पर विस्तृत चर्चा कर उनके समाधान बताए जाएंगे। साथ ही, बच्चों की कम होती रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) और बार-बार होने वाले संक्रमणों पर भी विशेषज्ञों द्वारा सलाह दी जाएगी। जो लोग कड़ी मेहनत और व्यायाम के बाद भी वजन कम नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें भी कार्यक्रम में प्रभावी टिप्स दिए जाएंगे। देवयानी मुखर्जी के पास देश-विदेश, जैसे कनाडा और ऑस्ट्रेलिया से भी क्लाइंट्स जुड़े हैं। यह सेमिनार आम जनता के लिए पूरी तरह खुला है, जिसमें किसी भी आयु वर्ग के लोग शामिल हो सकते हैं।