किसानों का हक दिलाने को गरजे भगवत शरण गंगवार

बरेली में पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार ने गन्ना किसानों के करोड़ों रुपये बकाये और बंद चीनी मिल के मुद्दे पर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

किसानों का हक दिलाने को गरजे भगवत शरण गंगवार
किसानों की समस्याओं को लेकर गांधी पार्क में धरने पर बैठे हुये पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार।
HIGHLIGHTS:

किसानों के करोड़ों रुपये बकाये का मुद्दा उठा

बंद चीनी मिल शुरू कराने की मांग

प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन

ग्रामीण समस्याओं को लेकर भी उठाई आवाज

हसीन दानिश। जन माध्यम
बरेली।
खेतों में पसीना बहाने वाला किसान आज अपने ही हक के लिए दर-दर भटक रहा है और यही दर्द अब सियासत के मंच तक पहुंच गया है। नवाबगंज क्षेत्र के गन्ना किसानों की बदहाल स्थिति को लेकर पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार किसानों के समर्थन में खुलकर सामने आए। समाजवादी पार्टी नेताओं के साथ उन्होंने बरेली मंडल आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर किसानों के बकाये और बंद पड़ी चीनी मिल को लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार ने कहा कि किसान दिन रात मेहनत करके देश का पेट भरता है, लेकिन आज वही किसान अपने हक के पैसे के लिए परेशान है। उन्होंने कहा कि गन्ना मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपये बकाया है, इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और प्रबंधन चुप्पी साधे बैठे हैं।

ज्ञापन में बताया गया कि नवाबगंज गन्ना मिल पर करीब 72 करोड़ रुपये और बहेड़ी चीनी मिल पर लगभग 138 करोड़ रुपये किसानों का भुगतान बाकी है। नवाबगंज चीनी मिल बंद होने से हजारों किसान और मजदूर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

भगवत शरण गंगवार ने चेतावनी दी कि यदि किसानों का भुगतान जल्द नहीं कराया गया और बंद मिल को शुरू नहीं किया गया तो किसान सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत का पैसा रोकना उनके भविष्य के साथ अन्याय है।

ज्ञापन में आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान, ग्रामीण क्षेत्रों में गैस संकट, राशन वितरण में कथित गड़बड़ी, सरकारी अस्पतालों की बदहाल व्यवस्था और तहसील स्तर पर विरासत दर्ज कराने में हो रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया गया।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों और आम जनता की आवाज को दबने नहीं देगी और किसानों के सम्मान की लड़ाई हर स्तर पर जारी रहेगी।