फतेहगंज पश्चिमी में दुकान में भीषण आग
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में भिटौरा पुलिया के पास हार्डवेयर और परचून की दुकान में भीषण आग लग गई। लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
भिटौरा पुलिया के पास हार्डवेयर और परचून की दुकान में मंगलवार सुबह भीषण आग लगी।
दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट होने की आशंका।
दमकल की दो गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जन माध्यम
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में मंगलवार सुबह भिटौरा पुलिया के पास स्थित एक हार्डवेयर और परचून की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट होने की आशंका है।
दुकान मालिक आकाश गुप्ता और डिम्पल गुप्ता के अनुसार आग इतनी विकराल थी कि दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। प्रारंभिक स्तर पर शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। फायर ब्रिगेड टीम प्रभारी के.के. बंसल ने बताया कि काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया।
घटनास्थल पर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार, चौकी प्रभारी आदेश कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा। आग बुझने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।