11 केवी लाइन की चपेट में आकर राजमिस्त्री की मौत
बरेली के मीरगंज में मकान की छत पर काम कर रहे राजमिस्त्री की 11 केवी हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
???? Highlights
➡️ मकान की छत पर काम के दौरान दर्दनाक हादसा
➡️ एल्यूमिनियम फंटी 11 केवी लाइन से टच
➡️ करंट लगते ही राजमिस्त्री की मौके पर मौत
जन माध्यम
मीरगंज (बरेली)। मीरगंज क्षेत्र के गांव चुरई दलपतपुर में बुधवार दोपहर उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब मकान की छत पर काम कर रहा एक राजमिस्त्री हाई वोल्टेज 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही राजमिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार 36 वर्षीय बिट्टन शर्मा पुत्र नाथूलाल शर्मा गांव के ही बृजेश सक्सेना के मकान की छत पर घुटाई और प्लास्टर का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनके हाथ में पकड़ी एल्यूमिनियम की फंटी अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन से टच हो गई। तेज करंट लगते ही बिट्टन शर्मा छत पर ही गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में मीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी मुन्नी और दो मासूम बेटे अभि और अनिकेत को रोता-बिलखता छोड़ गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है।