इज्जतनगर अंडरपास 232 बंद, मरम्मत कार्य बढ़ा

बरेली के इज्जतनगर-दोहना मार्ग पर अंडरपास संख्या 232 की मरम्मत अवधि बढ़ी, अब 5 फरवरी 2026 तक रहेगा बंद।

इज्जतनगर अंडरपास 232 बंद, मरम्मत कार्य बढ़ा
HIGHLIGHTS:

➡️ इज्जतनगर-दोहना मार्ग का अंडरपास 232 अस्थायी रूप से बंद
➡️ जलभराव के चलते चल रहा है मरम्मत कार्य
➡️ क्षतिग्रस्त सीसी रोड और साइड पाथवे का होगा निर्माण
➡️ अब 05 फरवरी 2026 शाम 5 बजे तक बंद रहेगा
➡️ यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग किए गए घोषित

जन माध्यम। बरेली।

रेलवे प्रशासन ने इज्जतनगर-दोहना मार्ग पर अंडरपास संख्या 232 निकट दोहना स्टेशन में जलभराव की समस्या के चलते 01 जनवरी, 2026 से मरम्मत कार्य शुरू किया था। मरम्मत के लिए अंडरपास को अस्थायी रूप से 15 जनवरी, 2026 तक बंद किया गया था।

मरम्मत कार्य के दौरान निरीक्षण में यह पाया गया कि अंडरपास के नीचे क्षतिग्रस्त सीसी रोड बीयरिंग कोर्स और साइड पाथवे का निर्माण भी आवश्यक है। इस कारण अंडरपास को अतिरिक्त 21 दिनों तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। अब यह अंडरपास 05 फरवरी, 2026 सांय 5.00 बजे तक अस्थायी रूप से बंद रहेगा। रेल प्रशासन ने सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए वैकल्पिक मार्ग भी सुझाए हैं। दोहना से भोजीपुरा जाने के लिए बैकुंठापुर होते हुए अभयपुर स्थित अंडरपास संख्या 230 से नैनीताल रोड मार्ग अपनाया जा सकता है। वहीं, दोहना से बरेली की ओर आने के लिए पट्टी और भगवंतापुर होते हुए शैदपुर चुन्नीलाल से बड़ा बाईपास मार्ग होकर बिलवा स्थित अंडरपास संख्या 233 तक आना होगा।

रेल प्रशासन ने सड़क यात्रियों से हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया है। इस कार्य से भविष्य में जलभराव की समस्या स्थायी रूप से दूर होगी और यातायात सुरक्षित रूप से संचालित होगा।