महाशिवरात्रि पर डीएम ने किया मंदिरों का निरीक्षण

Bareilly में महाशिवरात्रि पर डीएम Avinash Singh ने Alakhnath Temple और Trivati Nath Temple में पूजा-अर्चना कर सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

महाशिवरात्रि पर डीएम ने किया मंदिरों का निरीक्षण
HIGHLIGHTS:

➡️ डीएम ने पत्नी संग किया जलाभिषेक
➡️ अलखनाथ व त्रिवटी नाथ में पूजा-अर्चना
➡️ सुरक्षा, सीसीटीवी व भीड़ प्रबंधन की समीक्षा
➡️ शांतिपूर्ण आयोजन पर प्रशासन की सराहना

सेय्यद शहाबुद्दीन। जन माध्यम

बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर अपनी धर्मपत्नी रूबी सिंह के साथ शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए जनपद, प्रदेश एवं देश की उन्नति के लिए बाबा भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगा।

जिलाधिकारी ने प्रसिद्ध अलखनाथ मंदिर तथा त्रिवटी नाथ मंदिर में जलाभिषेक कर विधिवत पूजा की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसरों का भ्रमण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा प्रबंध और भीड़ नियंत्रण की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि रहे। मंदिर परिसर में पर्याप्त प्रकाश, स्वच्छता एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों की सक्रिय निगरानी, पार्किंग की सुव्यवस्थित व्यवस्था और शोभायात्रा मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

महाशिवरात्रि पर निकलने वाली शिव बारातों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के विशेष निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

उन्होंने पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में जुटे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सराहना की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ दुबे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।