मुकेश हत्याकांड में परिजनों ने SSP से लगाई न्याय की गुहार
सेंथल नगर पंचायत के 22 वर्षीय युवक मुकेश मौर्य की निर्मम हत्या के मामले में परिजनों ने SSP बरेली से मुलाकात कर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। SSP ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।
➡️ 4 दिसंबर की रात सेंथल निवासी युवक की बर्बर हत्या
➡️ पसलियां टूटने और आंतरिक अंग क्षतिग्रस्त होने से मौत
➡️ अब तक केवल दो आरोपी गिरफ्तार
➡️ शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
➡️ परिजनों ने SSP बरेली से लगाई न्याय की गुहार
➡️ SSP ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया
➡️ सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी रहे मौजूद
सरफराज़ खान/ जन माध्यम
सेंथल (बरेली)।
सेंथल नगर पंचायत निवासी 22 वर्षीय युवक मुकेश मौर्य की निर्मम हत्या के मामले में पीड़ित परिजन मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बरेली के कार्यालय पहुंचे और न्याय की मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया कि 4 दिसंबर 2025 की रात मुकेश के साथ अत्यंत बर्बरता की गई, जिससे उसकी पसलियां टूट गईं और फेफड़े व लीवर तक क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे उसकी मौत हो गई।
पीड़ित परिवार का कहना है कि इस हत्याकांड में दो से अधिक लोग शामिल थे, लेकिन पुलिस ने नामजद आरोपियों में से अब तक केवल दो आरोपियों को ही गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। परिजनों ने आशंका जताई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें न्याय मिलने में देरी हो सकती है।
परिजनों ने प्रशासन की कार्यवाही पर असंतोष व्यक्त करते हुए शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस संबंध में एसएसपी बरेली ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाई जाएगी।
इस दौरान पीड़ित परिवार के साथ विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष बाबूराम गंगवार, जिला मंत्री अविनाश मिश्रा, प्रतिष्ठित व्यापारी व समाजसेवी दीपू गुप्ता, विहिप महानगर मंत्री संजय शुक्ला, पूर्व सभासद सेवाराम मौर्य, रूपकिशोर सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे और परिजनों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।