मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
HIGHLIGHTS:

1. लूट और चोरी में वांछित था आरोपी

सिरौली, बरेली (रामू कठेरिया)। सिरौली थाना पुलिस ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ के दौरान 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाश के बीच हुई गोलीबारी में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि लूट और चोरी के कई मामलों में वांछित कुख्यात बदमाश विशाल लीलौर झील के पास बाइक से घूम रहा है। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही विशाल ने फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह भाग नहीं सका और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक बाइक और 220 रुपये बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बरेली और आसपास के थानों में नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें सिरौली में दो, कोतवाली बरेली में दो, इज्जतनगर में दो और बारादरी थाना क्षेत्र में दो मुकदमे शामिल हैं। इन मामलों में लूट, चोरी जैसी गंभीर धाराएं लगी हुई हैं।

थाना सिरौली पुलिस ने इस मुठभेड़ के जरिए इलाके में अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।