टुकटुक हादसे ने बुझा दी मासूम जिंदगी
बरेली के बहेड़ी मोहल्ला तालपुरा में ई-रिक्शा से गिरकर चार वर्षीय बच्चे मोहम्मद उजैन की दर्दनाक मौत, इलाके में पसरा मातम।
➡️ बहेड़ी के मोहल्ला तालपुरा में दर्दनाक हादसा
➡️ ई-रिक्शा से गिरकर चार वर्षीय बच्चे की मौत
➡️ मां के साथ घर लौटते समय हुआ हादसा
➡️ टायर के नीचे आने से सिर में आई गंभीर चोट
➡️ अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम ने तोड़ा दम
➡️ इलाके में शोक और मातम का माहौल
➡️ तहरीर न मिलने से अभी कार्रवाई लंबित
मुम्ताज़ अली/ जन माध्यम
बहेड़ी (बरेली)।
एक पल की लापरवाही और एक झटका… और चार साल की मासूम जिंदगी हमेशा के लिए थम गई। बहेड़ी के मोहल्ला तालपुरा में हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया। चार वर्षीय मोहम्मद उजैन की टुकटुक (ई-रिक्शा) से गिरकर मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया है।
परिजनों के अनुसार, उजैन अपनी मां के साथ नानी के घर से वापस अपने घर मोहल्ला तालपुरा लौट रहा था। रास्ते में अचानक वह टुकटुक में असंतुलित हो गया और नीचे गिर पड़ा। दुर्भाग्यवश, गिरते ही वह ई-रिक्शा के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। मासूम की चीख और हादसे का दृश्य देख आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए।
घबराए परिजन आनन-फानन में बच्चे को लेकर अस्पताल की ओर दौड़े, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम उजैन ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। मृतक के पिता इंतिखाब स्टार नैनीताल रोड स्थित यूनियन बैंक के पास ‘स्टार’ नाम से मोटरसाइकिल की दुकान चलाते हैं। घटना के बाद से मोहल्ले में शोक का माहौल है और हर आने-जाने वाला गमगीन नजर आ रहा है।
चार साल की कच्ची उम्र, मासूम मुस्कान और अनगिनत सपनों का इस तरह अचानक खत्म हो जाना पूरे क्षेत्र के लिए गहरा आघात है। यह हादसा एक बार फिर ई-रिक्शा और सड़क पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
इस संबंध में कोतवाल पवन कुमार ने बताया कि मृतक बच्चे के परिवार की ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।