मिलन मैरिज हॉल के सामने खड़ी तीन गाड़ियों में लगी आग
बहेड़ी के मिलन मैरिज हॉल के सामने खड़ी एक्सयूवी में आग लगी, लपटों ने दो अन्य कारों को चपेट में लिया। दमकल ने काबू पाया।
➡️ मिलन मैरिज हॉल के सामने हादसा
➡️ एक्सयूवी में अचानक आग
➡️ दो अन्य कारें भी जलीं
मुम्ताज अली । जन माध्यम
बहेड़ी (बरेली)। नगर के मोहल्ला इस्लाम नगर स्थित मिलन मैरिज हॉल के सामने बुधवार को अचानक खड़ी एक एक्सयूवी कार में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पास में खड़ी दो अन्य कारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़क किनारे खड़ी एक एक्सयूवी कार में अज्ञात कारणों से अचानक आग सुलग उठी। कुछ ही पलों में लपटें तेज हो गईं और पास में खड़ी एक अल्टो कार तथा एक स्विफ्ट डिजायर भी आग की चपेट में आ गईं। आग की ऊंची लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका गया और स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
गनीमत यह रही कि घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि तीनों वाहनों को आग से भारी नुकसान पहुंचा है।
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस व संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं और तकनीकी कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।