पतंग नहीं, मौत उड़ रही अब लगेगी लगाम

चाइनीज मांझे से हो रही मौतों के बाद सीएम योगी की सख्ती, बरेली में पुलिस ने बाजारों पर अचानक कार्रवाई की।

पतंग नहीं, मौत उड़ रही अब लगेगी लगाम
HIGHLIGHTS:

➡️ चाइनीज मांझे पर सीएम योगी का सख्त संदेश
➡️ एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की बड़ी छापेमारी
➡️ एसपी सिटी और सीओ सेकेंड ने संभाली कमान

जन माध्यम 
बरेली।
पतंग की एक डोर और उससे कटती जिंदगियां। चाइनीज मांझा अब शौक नहीं, शहरों में घूमती मौत बन चुका है। इसी मौत की डोर को तोड़ने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त संदेश के बाद पुलिस पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर आई। गुरुवार को एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर किला थाना क्षेत्र के बाकरगंज में अचानक ऐसी छापेमारी हुई कि दुकानदारों के चेहरों का रंग उड़ गया।

इस कार्रवाई की अगुवाई खुद एसपी सिटी मानुष पारीक ने की। तेज तर्रार आईपीएस सीओ सेकेंड सोनाली मिश्रा और कई थानों की पुलिस फोर्स ने पूरे इलाके को घेर लिया। जिन दुकानों पर रोज़ खुलेआम बैन मांझा बिक रहा था, वहां अचानक सन्नाटा पसर गया। पुलिस की सख्ती देख बाजार में अफरा तफरी मच गई, कई दुकानदार शटर गिराने की कोशिश करते नजर आए। दरअसल, चाइनीज मांझे से हो रही मौतों ने सरकार की नींद उड़ा दी है। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा है कि प्रतिबंध के बावजूद यह खतरनाक मांझा अगर बाजार में मिला, तो जिम्मेदार बख्शे नहीं जाएंगे। सिर्फ बेचने वाले ही नहीं, सप्लाई करने वालों तक पुलिस की पहुंच तय मानी जा रही है। इतना ही नहीं, इस मांझे से किसी की जान जाने पर अब इसे सीधा हादसा नहीं, बल्कि अपराध माना जाएगा। इलाहाबाद हाईकोर्ट भी पहले ही प्रशासन को चेतावनी दे चुका है कि 2015 से लगे प्रतिबंध को कागज़ों में नहीं, जमीन पर लागू किया जाए।

अदालत ने स्पष्ट किया है कि इंसानों और बेजुबान पक्षियों की जान जोखिम में डालने वाले इस मांझे के लिए कोई नरमी नहीं होनी चाहिए। बरेली में शुरू हुई यह कार्रवाई एक साफ संदेश है अब पतंग की डोर नहीं, कानून की डोर चलेगी। मौत बेचने वालों पर शिकंजा कस चुका है और आगे यह अभियान और भी तेज होने वाला है।