बहेड़ी: झोलाछाप से दवा लेना बुजुर्ग महिला को पड़ा भारी; इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी तबीयत, रास्ते में मौत

बरेली के बहेड़ी में एक झोलाछाप डॉक्टर के कथित गलत इलाज से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। परिजनों ने इंजेक्शन और गलत दवा देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

बहेड़ी: झोलाछाप से दवा लेना बुजुर्ग महिला को पड़ा भारी; इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी तबीयत, रास्ते में मौत
बहेड़ी में कथित गलत इलाज के कारण जान गंवाने वाली बुजुर्ग महिला प्रेमवती (फाइल फोटो)।
HIGHLIGHTS:

बुखार की दवा और इंजेक्शन लगने के बाद बिगड़ी 60 वर्षीय प्रेमवती की हालत।

दवा लेकर घर लौटते समय रास्ते में महिला ने तोड़ा दम, परिजनों में कोहराम।

घटना के बाद क्लीनिक संचालक फरार, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मुमताज अली। जन माध्यम

बहेड़ी।बरेली। क्षेत्र के ग्राम सकरस में एक झोलाछाप डॉक्टर के कथित गलत इलाज ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली। बुखार की दवा और इंजेक्शन लेने के कुछ ही देर बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और घर पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी झोलाछाप क्लीनिक बंद कर फरार हो गया है।

ग्राम ग्वारी निवासी प्रेमवती (60 वर्ष) अपनी नातिन के साथ ग्राम सकरस स्थित एक निजी क्लीनिक पर दवा लेने गई थीं। परिजनों का आरोप है कि झोलाछाप ने उन्हें बुखार का एक इंजेक्शन लगाया और कुछ दवाइयां दीं। वहां से लौटते समय रास्ते में ही प्रेमवती को घबराहट शुरू हुई और देखते ही देखते उनकी मौत हो गई।

महिला की मौत की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। आक्रोशित परिजनों ने क्लीनिक संचालक पर लापरवाही और गलत दवा देने का आरोप लगाते हुए बहेड़ी थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है