आंवला में एसडीएम की कथित टिप्पणी पर शिक्षकों का हंगामा

जनगणना प्रशिक्षण के दौरान भोजन की कतार में खड़े शिक्षकों ने एसडीएम पर अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाया। विरोध में प्रशिक्षण का बहिष्कार कर बरेली में धरना दिया।

आंवला में एसडीएम की कथित टिप्पणी पर शिक्षकों का हंगामा
HIGHLIGHTS:

भोजन के पैकेट लेने के लिए कतार में खड़े शिक्षकों से कथित अभद्रता का आरोप।

विरोध में जनगणना प्रशिक्षण का बहिष्कार कर एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी।

दामोदर स्वरूप पार्क में देर रात तक धरना, निलंबन और सार्वजनिक माफी की मांग।

जन माध्यम
बरेली। आंवला तहसील में शुक्रवार को जनगणना प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों के सम्मान का सवाल गरमा गया। भोजन के पैकेट लेने के लिए कतार में खड़े शिक्षकों ने एसडीएम सुशील मिश्रा पर अभद्र भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। कथित टिप्पणी से आहत शिक्षकों ने प्रशिक्षण का बहिष्कार कर विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते नाराजगी प्रदर्शन में बदल गई। एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी के बाद देर रात बड़ी संख्या में शिक्षक बरेली के दामोदर स्वरूप पार्क पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के मुताबिक, आंवला तहसील क्षेत्र के सरस्वती शिशु मंदिर में जनगणना कार्य के लिए प्रगणक बनाए गए शिक्षकों का प्रशिक्षण चल रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे शिक्षक भोजन के पैकेट लेने के लिए कतार में खड़े थे। आरोप है कि इसी दौरान एसडीएम सुशील मिश्रा वहां पहुंचे और शिक्षकों को कतार में देखकर नाराज हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने कथित तौर पर शिक्षकों के लिए ‘भूखे, नंगे कुत्ते न जाने कहां-कहां से आ जाते हैं’ जैसे अपमानजनक शब्द कहे। इस टिप्पणी से शिक्षक आक्रोशित हो उठे और प्रशिक्षण छोड़कर विरोध करने लगे।

प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नरेश गंगवार ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि शिक्षक जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में पूरी जिम्मेदारी से सहयोग कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान भोजन की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की गई थी और शिक्षक उसी व्यवस्था के तहत कतार में खड़े थे। उन्होंने कहा कि शिक्षक वहां भीख मांगने नहीं गए थे। जिम्मेदार पद पर बैठे अधिकारी की ऐसी कथित भाषा पूरी शिक्षक बिरादरी के सम्मान को ठेस पहुंचाती है। सरकारी दायित्व निभा रहे शिक्षकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए।

घटना के बाद प्रशिक्षण स्थल पर विरोध तेज हो गया। शिक्षकों ने प्रशिक्षण रोककर एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि सरकारी कामकाज में लगातार सहयोग देने के बावजूद उनके आत्मसम्मान की अनदेखी की जा रही है। शिक्षक प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी कर्मचारी के साथ अपमानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

आंवला में प्रदर्शन के बाद शिक्षक देर रात बरेली पहुंचे। दामोदर स्वरूप पार्क में धरने पर बैठकर उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। इसमें एसडीएम सुशील मिश्रा के निलंबन की मांग की गई। शिक्षक संगठनों ने चेतावनी दी कि जब तक अधिकारी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और प्रशासन कार्रवाई नहीं करता, तब तक जिले के शिक्षक जनगणना कार्य का बहिष्कार करेंगे।

मामले में एसडीएम सुशील मिश्रा का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसलिए आरोपों पर उनकी प्रतिक्रिया सामने नहीं आ सकी। फिलहाल शिक्षकों के विरोध और बहिष्कार की चेतावनी ने प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस विवाद का समाधान किस तरह करता है।