कुत्ते के हमले से युवक गंभीर घायल
बरेली के कैंट क्षेत्र में बौराए कुत्ते ने युवक पर हमला किया, गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती।
➡️ कैंट थाना क्षेत्र में बौराए कुत्ते का हमला
➡️ बालाजी धाम के पास युवक को काटा
➡️ दाएं पैर में गहरा जख्म, अधिक खून बहा
➡️ जिला अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
➡️ इलाके में आवारा कुत्तों से दहशत
जन माध्यम | बरेली।
बरेली के थाना कैंट क्षेत्र में कुत्ते के हमले की एक गंभीर घटना सामने आई है। अमसिया गांव निवासी 35 वर्षीय युवक संजू पर बालाजी धाम क्षेत्र के पास एक बौराए कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 6 तारीख की बताई जा रही है। संजू के भाई महेश ने बताया कि संजू सेनेटरी का काम करता है और काम के सिलसिले में सुभाष नगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बालाजी धाम के पास अचानक एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से संजू के दाएं पैर में गहरा जख्म हो गया और काफी खून बहने लगा।
घटना के परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली के जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार, समय पर उपचार मिलने के कारण घायल की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इलाके में आवारा और बौराए कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है, जिससे राहगीरों को आए दिन खतरे का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या पर जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हो।