हाईटेंशन लाइन की चपेट में मजदूर, गिरकर मौत

बहेड़ी के मोहल्ला मोहम्मदपुर में निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहा 35 वर्षीय मजदूर 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद ऊंचाई से गिरने पर उसकी मौत हो गई।

हाईटेंशन लाइन की चपेट में मजदूर, गिरकर मौत
मृतक का फाइल फोटो
HIGHLIGHTS:

मोहम्मदपुर में निर्माणाधीन मकान पर काम करते समय 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आया मजदूर।

करंट लगने के बाद ऊंचाई से गिरा, अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया।

हाईटेंशन लाइन के पास निर्माण कार्य को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे।

जन माध्यम
 बरेली बहेड़ी।
नगर के मोहल्ला मोहम्मदपुर में शनिवार सुबह निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूर की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। करंट लगने के बाद वह ऊंचाई से नीचे जा गिरा। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मोहम्मद हसन (35) पुत्र अकबर, निवासी मोहम्मदपुर, शनिवार सुबह करीब दस बजे पावर हाउस के सामने स्थित निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे थे। इसी दौरान पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और संतुलन बिगड़ने पर ऊंचाई से नीचे गिर पड़े।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से मोहम्मद हसन को निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

मोहम्मद हसन मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी दो साल की मासूम बेटी है। पिता की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद निर्माणाधीन मकान के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि लाइन के बेहद करीब निर्माण कार्य चल रहा था। उन्होंने बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग की है।

इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।