बरेली छावनी में शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता को मिलेगी नई दिशा

छावनी परिषद की बैठक में आधुनिक स्कूल भवन, अस्पताल विस्तार, इलेक्ट्रिक एंबुलेंस, ईवी चार्जिंग स्टेशन और ड्रोन सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी।

बरेली छावनी में शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता को मिलेगी नई दिशा
HIGHLIGHTS:

आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में आधुनिक शैक्षणिक भवन बनेगा, विद्यार्थियों के लिए खरीदी जाएंगी दो बसें।

छावनी सामान्य चिकित्सालय का होगा विस्तार, मरीजों के आवागमन के लिए मिलेगी इलेक्ट्रिक एंबुलेंस बग्गी।

सफाई, सड़क सुरक्षा और हरित ऊर्जा के साथ ड्रोन से होगी विकास कार्यों की निगरानी।

जन माध्यम
बरेली। छावनी क्षेत्र की तस्वीर बदलने और सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में छावनी परिषद ने विकास का खाका तैयार किया है। शिक्षा से स्वास्थ्य तक, स्वच्छता से सड़क सुरक्षा तक और पर्यावरण संरक्षण से आधुनिक तकनीक तक, कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में आधुनिक शैक्षणिक भवन बनेगा तो छावनी सामान्य चिकित्सालय में भी सुविधाओं का विस्तार होगा। मरीजों के आवागमन के लिए इलेक्ट्रिक एंबुलेंस बग्गी, आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर एंड रेस्क्यू बग्गी और विकास कार्यों की निगरानी के लिए ड्रोन खरीदे जाएंगे। इन योजनाओं से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने का प्रयास है।

बुधवार को छावनी परिषद की सामान्य बैठक अध्यक्ष ब्रिगेडियर एपीएस भदौरिया, एसएम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन और नामित सिविल सदस्य डॉ. वैभव जायसवाल मौजूद रहे। इस दौरान छावनी क्षेत्र के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा के बाद स्वीकृति दी गई।

आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में आधुनिक शैक्षणिक भवन के निर्माण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी मिली है। इससे विद्यालय में शैक्षणिक माहौल तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ेगा। विद्यार्थियों को किताबों की दुनिया से बाहर निकलकर नए अनुभव हासिल करने और शैक्षणिक भ्रमण का अवसर देने के लिए दो बसें खरीदी जाएंगी। विद्यालय में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता बेहतर बनाने के लिए हैंडपंप और सबमर्सिबल पंप लगाए जाएंगे।

स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए छावनी सामान्य चिकित्सालय में अतिरिक्त तल के निर्माण की डीपीआर तैयार करने को स्वीकृति दी गई है। मरीजों की आवाजाही आसान बनाने के लिए इलेक्ट्रिक एंबुलेंस बग्गी खरीदी जाएगी। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए यह सुविधा सहूलियत बढ़ाएगी।

पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए छावनी क्षेत्र में पवन ऊर्जा उपकरण और ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन उपविधि-2026 के प्रारूप को भी मंजूरी दी गई है। तालाब की सफाई और उसमें फैली जलकुंभी हटाने का काम कराया जाएगा, ताकि जलस्रोतों की स्वच्छता बनी रहे। सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए गार्बेज टू गोल्ड सेंटर में आधुनिक मशीनें और उपकरण लगाए जाएंगे। इसके साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली, फॉगिंग मशीन, प्रेशर जेट और सक्शन मशीन खरीदी जाएंगी।

रात में रोशनी और सड़कों पर सुरक्षा के इंतजाम बेहतर करने के लिए स्थानों पर दस मिनी हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड और डेलिनेटर लगाए जाएंगे। आपातकालीन हालात से निपटने के लिए इलेक्ट्रिक फायर एंड रेस्क्यू बग्गी खरीदी जाएगी। सड़कों, नालियों और पुलियों की मरम्मत के साथ सार्वजनिक शौचालय, स्नानघर और नए नलकूप की स्थापना को भी मंजूरी मिली है।

तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ाते हुए परिषद भूमि सर्वेक्षण और विकास कार्यों की निगरानी के लिए ड्रोन खरीदेगी। परिषद कार्यालय में बहुउद्देशीय सभागार भी बनाया जाएगा। बैठक में कर्मचारियों के बोनस और सेवा संबंधी लाभों के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। परिषद ने स्वच्छ छावनी, हरित छावनी और विकसित छावनी के संकल्प के साथ योजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। इन फैसलों के जरिए परिषद का लक्ष्य केवल इमारतें और सुविधाएं खड़ी करना नहीं, बल्कि शिक्षा, इलाज, स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर पर्यावरण के सहारे नागरिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना है।