डैशबोर्ड पर जिला प्रशासन अलर्ट
बरेली में डीएम अविनाश सिंह ने सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक कर राजस्व व योजनाओं की प्रगति पर सख़्त निगरानी के निर्देश दिए, रैंकिंग बनाए रखने पर जोर दिया।
➡️ डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक
➡️ सीएम डैशबोर्ड पर रैंकिंग बनाए रखने पर फोकस
➡️ 6 करोड़ रुपये भू-राजस्व वसूली, ए ग्रेड प्राप्त
➡️ राजस्व विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा
➡️ कृषि विभाग के लक्ष्य को रिवाइज कराने के निर्देश
➡️ स्टाम्प, आबकारी, जीएसटी, परिवहन की समीक्षा
➡️ न्यायिक मामलों के शीघ्र निस्तारण के आदेश
➡️ कन्या सुमंगला के लंबित आवेदनों के सत्यापन निर्देश
➡️ शस्त्र लाइसेंस व शत्रु संपत्ति मामलों की जांच पर जोर
जन माध्यम। बरेली।
डीएम अविनाश सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत राजस्व विभागों की समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा कर जिले की रैंकिंग को बनाए रखना और शासन की प्राथमिकताओं को समयबद्ध रूप से पूरा करना रहा। डीएम ने स्पष्ट कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की स्थिति किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं पड़नी चाहिए। बैठक में भू-राजस्व की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक 06 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है, जिस पर जनपद को ए ग्रेड प्राप्त हुआ है। डीएम ने इस उपलब्धि पर संतोष जताते हुए कहा कि यह रफ्तार आगे भी बनी रहनी चाहिए। इसके बाद स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, जीएसटी, परिवहन, विद्युत और कृषि विभाग की समीक्षा की गई। कृषि विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि लक्ष्य बढ़ाकर 05 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जबकि उपलब्ध संसाधन सीमित हैं। इस पर डीएम ने लक्ष्य को यथार्थपरक बनाते हुए रिवाइज कराने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग, मुख्यमंत्री कृषक कल्याण योजना, उद्योग विभाग, बरेली विकास प्राधिकरण, खाद्य एवं रसद, औषधि, आरएफसी, गन्ना विभाग और पीएम स्वनिधि योजना की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी विभागों को सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर प्रदर्शन और रैंकिंग बनाए रखने के निर्देश दिए।
न्यायिक कार्यों की समीक्षा के दौरान न्यायिक उप जिलाधिकारी आंवला, फरीदपुर और नवाबगंज को कोर्ट में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के आदेश दिए गए। इसके साथ ही कन्या सुमंगला योजना के लंबित आवेदनों के शीघ्र सत्यापन के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ मिल सके।
इसके अतिरिक्त शस्त्र लाइसेंस, सीलिंग और शत्रु संपत्ति से जुड़े मामलों में भी आवश्यक सत्यापन करने को कहा गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे सहित सभी उप जिलाधिकारी, एसीएम, तहसीलदार और संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।