माई बार हेडक्वार्टर में युवति पर बोतल से जानलेवा वार, दो गिरफ्तार
बरेली के माई बार हेडक्वार्टर में युवती पर बोतल से जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
➡️ माई बार में युवती पर जानलेवा हमला
➡️ कांच की बोतल से मारपीट का आरोप
➡️ पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
➡️ अन्य आरोपी फरार, दबिश जारी
➡️ आधी रात के बाद शराब परोसने की जांच
➡️ बार संचालक को आबकारी विभाग का नोटिस
➡️ हमलावरों के तार सूदखोरी नेटवर्क से जुड़े
➡️ गंभीर धाराओं में पहले से दर्ज हैं मुकदमे
जन माध्यम | बरेली।
सेटेलाइट क्षेत्र स्थित माई बार हेडक्वार्टर में युवती के साथ अभद्रता, मारपीट और कांच की बोतल से जानलेवा हमले के मामले में बारादरी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पकड़े गए आरोपियों पर निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडेय ने बताया कि अज्ञात में दर्ज मुकदमे में आरोपियों की पहचान कर ली गई थी। इनमें जसदीप (निवासी जाफरपुर, रुद्रपुर-उत्तराखंड), शिवम उर्फ काली (कटरा चांद खां) और लकी दीप (ईंट पजाया) शामिल हैं। शिवम उर्फ काली और लकी दीप को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
आधी रात के बाद शराब परोसने की जांच
घटना के बाद आबकारी विभाग भी सक्रिय हो गया है। रात 12 बजे के बाद शराब परोसने की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है। आबकारी इंस्पेक्टर एमपी सिंह ने बताया कि न्यू ईयर को लेकर सभी बार संचालकों को समय-सीमा का नोटिस दिया गया था। माई बार हेडक्वार्टर के संचालक को भी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वीडियो फुटेज में आधी रात के बाद शराब परोसने की पुष्टि हुई है।
सूदखोरी नेटवर्क से जुड़े तार
जांच में हमलावरों के तार शहर में सक्रिय सूदखोरी नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं। आरोप है कि ध्रुव राय और अमन राय के पिता जयदीप उर्फ फंटूस लंबे समय से सूदखोरी का बड़ा नेटवर्क चला रहे हैं। रेलवे और नगर निगम के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों तक उनकी पकड़ की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं। आरोपियों पर पूर्व में भी गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एक पुलिस अधिकारी पर गाड़ी चढ़ाने का मामला भी शामिल है।
फरार आरोपी तलाश में
आशुतोष सिटी निवासी महक गुप्ता की तहरीर पर 26 दिसंबर को बारादरी थाने में रोनित श्रीवास्तव, ध्रुव राय, अमन राय, चिराग गुप्ता और सलोनी पटेल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़िता के अनुसार क्रिसमस पार्टी के दौरान अभद्रता हुई और विरोध करने पर हमला किया गया। पुलिस ने साफ किया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।