बच्चों के स्कूल के पास बन रही राइस मिल पर बवाल, ग्राम समाज का नाला पाटने का आरोप, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र के ग्राम परसूनगला में सरकारी स्कूल और ग्राम समाज की जमीन के पास प्रस्तावित राइस मिल को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम समाज के नाले को पाटकर निर्माण कराया जा रहा है, जिससे बच्चों की सुरक्षा और गांव की जल निकासी पर खतरा मंडरा रहा है।
सरकारी स्कूल और शिव मंदिर के पास राइस मिल निर्माण का ग्रामीणों ने किया विरोध।
ग्राम समाज के नाले को पाटने का लगाया गंभीर आरोप।
हसीन दानिश। जन माध्यम
बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम परसूनगला में प्रस्तावित राइस मिल को लेकर गांव का माहौल गरमा गया है। सरकारी स्कूल, शिव मंदिर और ग्राम समाज की जमीन के पास निर्माण की तैयारी की खबर सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोग ग्राम समाज के नाले को पाटकर राइस मिल निर्माण की तैयारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिस स्थान पर नींव खुदवाई जा रही है, उसके पास ही सरकारी स्कूल है, जहां छोटे बच्चे पढ़ने जाते हैं। ऐसे में भारी मशीनों, ट्रकों की आवाजाही, धूल और शोर से बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका है।
गांव वालों ने सवाल उठाया कि आखिर बच्चों की शिक्षा और गांव की मूल सुविधाओं के बीच इस तरह का निर्माण किस आधार पर कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कब्रिस्तान के पास स्थित नाला गांव की जल निकासी का मुख्य साधन है। यदि उसे बंद किया गया तो बरसात में जलभराव की समस्या खड़ी हो सकती है और खेती भी प्रभावित होगी।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर कुछ लोगों को झगड़ा फसाद की धमकी भी दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल और मंदिर के पास औद्योगिक गतिविधियां शुरू होने से गांव का माहौल भी प्रभावित होगा।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सरकारी भूमि तथा नाले के पास हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए। प्रार्थना पत्र पर ग्राम प्रधान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर बताए गए हैं।