गणतंत्र दिवस पर तीन दिवसीय 'कल्चरल कार्निवल-2026' का आयोजन
गणतंत्र दिवस के अवसर पर बरेली में 25 से 27 जनवरी तक संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में तीन दिवसीय ‘कल्चरल कार्निवल-2026’ का निःशुल्क आयोजन किया जाएगा।
➡️ 25 से 27 जनवरी तक तीन दिवसीय आयोजन
➡️ संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में भव्य कार्यक्रम
➡️ काव्य, नृत्य, गायन और नाट्य प्रस्तुतियां
➡️ देश के विभिन्न शहरों के कलाकार होंगे शामिल
हसीन दानिश / जनमाध्यम
बरेली। गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहर में सांस्कृतिक उत्साह का माहौल रहेगा। ऑल इंडिया कल्चरल एसोसिएशन एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में कल्चरल कार्निवल-2026का तीन दिवसीय भव्य आयोजन 25, 26 एवं 27 जनवरी को स्थानीय संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में किया जाएगा।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव शर्मा 'टीटू' ने बताया कि इस तीन दिवसीय सांस्कृतिक समारोह में एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां आम जनता के समक्ष रखी जाएंगी। कार्यक्रम संयोजक अंकुर सक्सेना ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन का विवरण इस प्रकार है:
25 जनवरी शाम 5 बजे से काव्य प्रतियोगिता का आयोजन, 26 जनवरी सुबह 11 बजे से बरेली के शौकिया कलाकारों की नृत्य एवं गायन प्रतियोगिता, शाम के समय सहारनपुर, शाहजहांपुर एवं मुंबई की तीन उत्कृष्ट नाट्य प्रस्तुतियां।
27 जनवरी दोपहर 3 बजे शहर में सांस्कृतिक रंगयात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम। शाम को देहरादून एवं दिल्ली के चार नाटकों का मंचन होगा, साथ ही प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
मीडिया प्रभारी देवेंद्र रावत ने विशेष जानकारी साझा की कि 27 जनवरी को दोपहर में प्रसिद्ध भरतनाट्यम कलाकार डॉ. श्रीजा चंदेल की शानदार प्रस्तुति होगी। इस अवसर पर हिमाचल टाइम्स की सी.ई.ओ., समाजसेवी एवं अभिनेत्री इंद्राणी पांधी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सैयद सिराज ने बताया कि ऑल इंडिया कल्चरल एसोसिएशन वर्ष 1956 से स्वर्गीय श्री जे.सी. पालीवाल जी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय पर्वों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है। महासचिव सुनील धवन ने कहा कि इस बार का आयोजन विशेष रूप से भव्य और दिव्य होगा।
कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। सभी बरेलीवासियों से अपील है कि वे इस सांस्कृतिक उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लें और भारतीय कला-संस्कृति को प्रोत्साहन दें।
इस मौके पर अमित कक्कड़, प्रदीप मिश्रा, नीलम वर्मा, हरजीत कौर, रवि प्रकाश सक्सेना, प्रमोद उपाध्याय, नाहिद बेग, मेराज, दिलशाद, राजीव लोचन, सुबोध शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।